जन सुनवाई में लापरवाही पर एसपी संभल की सख्ती, थानाध्यक्ष निलंबित, पुलिस महकमे में फेरबदल

0
7
संभल जनपद में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई द्वारा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। जन सुनवाई में शिकायतों को गंभीरता से न लेने और पीड़ितों की समस्याओं के समाधान में उदासीनता बरतने पर एसपी ने थाना रायसत्ती के थाना प्रभारी बोबिंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई बुधवार गुरुवार की मध्यरात्रि के बीच की गई, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

इनके खिलाफ कार्रवाई

एसपी की इस कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल भी किया गया है। थाना रजपुरा के प्रभारी निशांत कुमार राठी को रायसत्ती का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, संभल कोतवाली क्षेत्र की चौधरी चौकी के प्रभारी संदीप चौधरी को रजपुरा थाने की कमान सौंपी गई है। इन तबादलों को व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने लापरवाही के मामलों में सख्त रुख अपनाया था। 30 दिसंबर को थाना बबराला के प्रभारी नरेंद्र कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया था। बबराला क्षेत्र के एक व्यापारी ने एसपी से शिकायत की थी कि उसने ₹8000 उधार दिए थे, लेकिन संबंधित मामले में थाना प्रभारी द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए थे।

एसपी ने कहा ये

एसपी संभल की इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट संदेश गया है कि जन सुनवाई में लापरवाही और जनता की समस्याओं की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि सभी थाना प्रभारी जनता के प्रति संवेदनशील रहें और शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।