किसान पाठशाला 8.0: खेती की बात खेत पर, 20 लाख से अधिक किसानों तक पहुंचा यूपी सरकार का प्रशिक्षण अभियान

0
1

सांकेतिक तस्वीर – फोटो : AI Image

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश में किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से यूपी सरकार लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रही है। राज्य सरकार का दावा है कि ‘खेती की बात खेत पर’ थीम के साथ आयोजित किसान पाठशाला- 8.0 (रबी 2025-26) ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिसमें प्रदेश भर के 20 लाख से अधिक किसानों को सीधे खेत पर प्रशिक्षण दिया गया।

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग का कहना है कि विभाग द्वारा आयोजित किसान पाठशाला- 8.0 के तहत 20.15 लाख किसानों को आधुनिक खेती, सरकारी योजनाओं और नवाचारों का प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा के गांव दौलतपुर (बाराबंकी) से किया था।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के अनुसार, रबी सीजन में कृषि विज्ञान केंद्रों, पैक्स समितियों, ग्राम पंचायत सचिवालयों, प्रगतिशील किसानों और प्रदेश की 21 हजार ग्राम पंचायतों में किसान पाठशालाओं का आयोजन किया गया। इसमें 12.62 लाख पुरुष और 7.53 लाख महिला किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को कृषि एवं सहवर्ती विभागों की योजनाओं, कृषि विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और कृषि विज्ञान केंद्रों में विकसित हो रही नई तकनीकों व नवाचारों की जानकारी दी गई।

कृषि विभाग के अनुसार, 2017-18 से अब तक किसान पाठशाला के माध्यम से दो करोड़ से अधिक किसानों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक और प्राकृतिक खेती से जोड़ना, उत्पादन लागत घटाना और आय बढ़ाना है। यूपी सरकार की इस पहल के तहत किसानों को फसल प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य, फसल सुरक्षा, बागवानी, नई कृषि तकनीक और सरकारी योजनाओं की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जाती है। इसका उद्देश्य कम लागत में बेहतर पैदावार सुनिश्चित कर किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।