गाजियाबाद में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, जिसपर 100 से ज्यादा मामले हैं दर्ज

0
3
गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो कार और चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार चोरी और दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है।

चोर पर दर्ज हैं 100 से ज्यादा केस

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि विजयनगर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दिल्ली के अशोक नगर निवासी प्रवीन कुमार को चोरी की कार के साथ गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि बरामद कार दिल्ली से चोरी की गई थी। पूछताछ के दौरान प्रवीन कुमार की निशानदेही पर सिहानी गेट थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक अन्य कार भी बरामद की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रवीन कुमार एक शातिर वाहन चोर है, जिस पर दिल्ली में करीब 100 मुकदमे, हाथरस में चार मुकदमे और गाजियाबाद में एक मुकदमा दर्ज है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने साथी फैसल के साथ मिलकर घरों के बाहर खड़ी कारों को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से लॉक तोड़कर चोरी करता था। चोरी के बाद दोनों कारों को सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपी के पास से गाजियाबाद नंबर की ब्रेजा कार, दिल्ली नंबर की डिजायर कार, लॉक तोड़ने का उपकरण, तीन कटर, तीन चाबियां और एक फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की है।

कई वाहन बरामद

इसके अलावा विजयनगर पुलिस ने लोको शेड तिराहे के पास से भीमनगर निवासी अमन और विजयनगर सेक्टर-9 निवासी हैप्पी उर्फ अभिषेक को गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से चोरी की चार बाइक बरामद की गई हैं, जिन्हें उन्होंने अलग-अलग स्थानों से चोरी किया था।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।