बांदा में ड्यूटी के दौरान दारोगा की हार्ट अटैक से मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर

0
1
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में ड्यूटी के दौरान एक दारोगा की अचानक मौत हो जाने से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक दारोगा प्रयागराज के रहने वाले थे और बांदा पुलिस लाइन में तैनात थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान वह अचानक गश खाकर गिर पड़े, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

ऐसे बिगड़ी तबियत

घटना सोमवार 8 फरवरी की है, जब दारोगा पुलिस लाइन में अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को समझते हुए उन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दारोगा की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है।

मृत दारोगा की पहचान धीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वह वर्ष 1987 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। लंबे समय तक सेवा देने के बाद उनका प्रमोशन हुआ और वह सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। उनके अचानक निधन की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत प्रयागराज से बांदा पहुंचे।

एसपी तुरंत पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल सहित जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल और पुलिस लाइन पहुंचे। एसपी पलाश बंसल ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस लाइन में एक शोकसभा का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों और जवानों ने दिवंगत दारोगा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दारोगा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस विभाग के अनुसार, पूरे मामले की औपचारिक जांच की जा रही है। ड्यूटी के दौरान एक अनुभवी पुलिसकर्मी की इस तरह अचानक मौत से बांदा पुलिस परिवार गहरे सदमे में है और हर कोई दिवंगत दारोगा को नम आंखों से याद कर रहा है।