
इस समय तुअर का बाजार भाव करीब ₹7,200 प्रति क्विंटल है, जबकि इसका MSP ₹8,000 प्रति क्विंटल तय किया गया है।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
तेलंगाना सरकार ने राज्य की मार्केटिंग फेडरेशन (MARKFED) को निर्देश दिया है कि वह पिछली खरीफ मौसम में पैदा हुई अरहर (तुअर) की खरीद 2025-26 खरीफ सत्र के लिए तय न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर करे। सरकार का कहना है कि यह कदम किसानों को उचित दाम दिलाने और बाजार के उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए उठाया गया है।बाजार भाव MSP से काफी नीचे
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस समय तुअर का बाजार भाव करीब ₹7,200 प्रति क्विंटल है, जबकि इसका MSP ₹8,000 प्रति क्विंटल तय किया गया है। कीमतों में इस अंतर के चलते किसानों को नुकसान हो रहा था, जिसे देखते हुए सरकार ने हस्तक्षेप का फैसला किया uw।
राज्य में करीब 3 लाख टन उत्पादन
पिछले खरीफ सीजन में तेलंगाना में तुअर की खेती करीब 4.99 लाख एकड़ (करीब 2.02 लाख हेक्टेयर) क्षेत्र में की गई थी। इस सीजन में राज्य सरकार ने करीब 3 लाख टन उत्पादन का अनुमान जताया है।
केंद्र से 1.71 लाख टन खरीद की मंजूरी
केंद्र सरकार ने इस सत्र में तेलंगाना को 1.71 लाख टन तुअर की MSP पर खरीद की अनुमति दी है। यह खरीद मार्च तक जारी रहेगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा किसानों को इसका लाभ मिल सके।
तुअर खरीद के 82 केंद्र प्रस्तावित
राज्य भर में 82 खरीद केंद्र खोलने की योजना है। फिलहाल 13 केंद्र चालू हो चुके हैं। इस समय नारायणपेट जिले में खरीद शुरू हो चुकी है और जैसे-जैसे अन्य जिलों में फसल की आवक बढ़ेगी, वहां भी केंद्र खोले जाएंगे।
अब तक 32 किसानों से 30 टन खरीद
पिछले कुछ दिनों में MARKFED ने 32 किसानों से 30.25 टन तुअर की खरीद की है, जिस पर करीब ₹0.24 करोड़ का भुगतान किया गया है।
कीमतों में आई तेज गिरावट
आंकड़े बताते हैं कि अक्टूबर 2025 में तेलंगाना में तुअर की कीमत ₹6,441 प्रति क्विंटल तक गिर गई थी, जबकि पिछले साल इसी महीने यह ₹8,022 थी। कृषि विश्वविद्यालय के बाजार विश्लेषण के अनुसार, कटाई के समय (जनवरी-फरवरी 2026) तुअर की कीमत ₹6,900 से ₹7,200 के बीच रहने का अनुमान है।
राज्य के कृषि मंत्री थुम्मला नागेश्वर राव ने कहा है कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जैसे-जैसे फसल बिक्री के लिए तैयार होगी, और खरीद केंद्र खोले जाएंगे।




