कांवड़ियों की सेवा में डटी पुलिस, हर मोड़ पर मिल रहा सहयोग

0
1
आगरा में इन दिनों कांवड़ यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह और आस्था के साथ जारी है। भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने मंदिरों की ओर बढ़ रहे हैं। इस दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी सक्रियता के साथ उनके साथ कदमताल करता नजर आ रहा है।

ये है मामला 

थाना मलपुरा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। थाना प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ के नेतृत्व में पुलिस बल ग्वालियर रोड, आगरा-जगनेर रोड और न्यू दक्षिणी बाइपास पर लगातार गश्त कर रहा है। जिन मार्गों से कांवड़ियों की टोलियां गुजर रही हैं, वहां ट्रैफिक को नियंत्रित कर उन्हें सुरक्षित रास्ता दिया जा रहा है। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, ताकि दुर्घटना की कोई आशंका न रहे।

रात के समय भी पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं। कई स्थानों पर पुलिस जवान स्वयं कांवड़ियों के साथ पैदल चलते हुए नजर आए, ताकि भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मंदिरों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।

उपलब्ध कराई जा रही सहायता

प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित और सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचे। पुलिस द्वारा लगातार माइक अनाउंसमेंट, मार्गदर्शन और जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कांवड़ियों ने भी पुलिस के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के कारण उन्हें यात्रा के दौरान आत्मविश्वास और सुविधा महसूस हो रही है।