ये है मामला
शुक्रवार को रामपुर कारखाना कस्बे में सड़क के दोनों ओर नाले के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था। कई दुकानदारों ने सड़क की पटरियों पर कब्जा जमा रखा था, जिससे नाला निर्माण बाधित हो रहा था। नगर पंचायत और संबंधित विभागों द्वारा कई नोटिस देने के बावजूद दुकानदारों ने पटरी खाली नहीं की। इस दौरान जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी और तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी रोहित पांडेय तथा थानेदार देवेंद्र सिंह मौके पर मौजूद थे।
अभियान के दौरान वहां मौजूद एक युवक ने कार्रवाई का वीडियो बनाना शुरू किया। युवक का यह कदम देख थानेदार देवेंद्र सिंह गुस्से में आ गए और उन्होंने युवक को पकड़कर भीड़ के सामने सरेआम थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो वायरल हो गया और प्रशासन बैकफुट पर आ गया।
सीओ ने कहा ये
सीओ सिटी संजय रेड्डी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्थानीय जनता के बीच पुलिस और प्रशासन पर विश्वास को चुनौती दी है और मानवाधिकारों की रक्षा की आवश्यकता को उजागर किया है।













