
कल्याण लोकसभा क्षेत्र को मुंबई और नवी मुंबई से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों में शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे को एक और बड़ी सफलता मिली है। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण के माध्यम से राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने एक ऐतिहासिक परियोजना की घोषणा की है। इस परियोजना के तहत कल्याण–डोंबिवली शहर को तलोजा के रास्ते सीधे नवी मुंबई से जोड़ने वाली मेट्रो-१२ लाइन का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए मेट्रो-१२ए परियोजना लागू की जाएगी, जिसके अंतर्गत कल्याण–शिलफाटा रोड के समानांतर मेट्रो मार्ग का निर्माण किया जाएगा। यह मेट्रो लाइन कल्याण फाटा से दहिसर मोरी होते हुए तलोजा मेट्रो स्टेशन तक जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने से कल्याण–शिलफाटा रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ८,४१४ .५३ करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है।(Now travel by metro on Shilphata Road)
यातायात और परिवहन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार
कल्याण लोकसभा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों के दौरान यातायात और परिवहन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के प्रयासों से क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से विकास परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई, जिससे यातायात की गति में बढ़ोतरी हुई है। मेट्रो, रेलवे, सड़कें, फ्लायओवर, एलिवेटेड रोड, रेलवे पुल और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कई ऐतिहासिक प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं, जबकि अनेक परियोजनाएं अभी प्रगति पर हैं। सांसद डॉ. शिंदे के लगातार प्रयासों और फॉलो-अप के कारण इन विकास कार्यों को तेज़ी मिली है।
राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में हाल ही में मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण का वर्ष २०२६-२७ का बजट पेश किया गया। इस बजट में कल्याण लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए४८९७.१९ करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
इन सभी परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा शुक्रवार को कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने की। इस दौरान उन्होंने पलावा फ्लायओवर, मेट्रो-१२, तीसरा पत्री पुल, वालधुनी नदी के किनारे विठ्ठलवाड़ी स्टेशन से कल्याण-अहिल्यानगर महामार्ग तक एलिवेटेड रोड और कल्याण रिंग रोड जैसी प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण किया। समीक्षा के दौरान सांसद डॉ. शिंदे ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए और सभी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर नागरिकों के लिए खोलने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बोलते हुए सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कल्याण से तलोजा मेट्रो-१२ मार्ग के विस्तार की घोषणा की। कल्याण–तलोजा मेट्रो-१२ के विस्तार को लेकर एक महत्वाकांक्षी निर्णय लिया गया है, जिसके तहत मेट्रो-१२ मार्ग अब दो अलग-अलग हिस्सों से होकर गुजरेगा। नए विस्तारित मार्ग में कल्याण–शिलफाटा रोड के समानांतर मेट्रो लाइन बिछाने का अहम फैसला किया गया है। इससे विस्तारित डोंबिवली के साथ-साथ मानपाड़ा, काटई नाका, ग्रोथ सेंटर, देसाई नाका, पडलेगांव, कल्याण फाटा, गोठेघर, दहिसर मोरी, दहिसरगांव, किरावली गांव, रोहिंजण और खुतारी गांव के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद डॉ. शिंदे ने कहा कि इस नए मेट्रो मार्ग के शुरू होने से शिलफाटा रोड पर वाहनों की संख्या में कमी आएगी और यातायात सुगम होगा। यह मेट्रो कलवा, दिवा और मुंब्रा क्षेत्रों तक जाने वाली पहली मेट्रो सेवा होगी। भविष्य में जब इसका मेट्रो-१४ के साथ एकीकरण होगा, तो नवी मुंबई, कांजुरमार्ग और मुंबई तक सीधी और तेज़ कनेक्टिविटी संभव हो सकेगी। इसी कारण इस मेट्रो परियोजना का महत्व और भी बढ़ गया है, ऐसा भी सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा।
कैसा होगा मेट्रो-१२ए का मार्ग
यह विस्तारित मेट्रो लाइन कल्याण से मानपाड़ा, काटई नाका और कल्याण फाटा होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद यह खुतारी गांव के पास मौजूदा मेट्रो लाइन-१२ से जुड़कर तलोजा रेलवे स्टेशन, यानी अमनदूत तक पहुंचेगी।
काटई नाका से कल्याण फाटा के बीच इस मेट्रो मार्ग के लिए मेट्रो-१४ (कांजुरमार्ग–बदलापुर) के साथ कॉमन ट्रैक और स्टेशन शेयरिंग का प्रस्ताव रखा गया है।
इस मेट्रो लाइन को निलजे डिपो कनेक्शन, मेट्रो-१४ इंटीग्रेशन और ठाणे बुलेट ट्रेन स्टेशन (नेशनल हाई-स्पीड रेल) से भी जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
इस विस्तारित मेट्रो मार्ग की कुल लंबाई १८.४ किलोमीटर होगी। इनमें से लगभग १०.५ किलोमीटर हिस्से पर निर्माण कार्य फिलहाल प्रगति पर है।
मेट्रो-12ए के स्टेशन
इस मेट्रो मार्ग पर कुल 12 एलिवेटेड (ऊंचाई पर बने) स्टेशन प्रस्तावित हैं।
प्रमुख स्टेशन
मानपाड़ा, काटई नाका, कल्याण ग्रोथ सेंटर, देसाई नाका, पडलेगांव, कल्याण फाटा, गोठेघर, दहिसर मोरी, दहिसरगांव, किरावली गांव, रोहिंजण और खुतारी गांव।
संरचनात्मक योजना
इस परियोजना में प्रीकास्ट ट्विन-यू टाइप गर्डर सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जो सिंगल पियर (एक ही खंभे) पर आधारित होगा।
इसके अलावा, मेट्रो और प्रस्तावित कल्याण–राजनोली फ्लायओवर के लिए इंटीग्रेटेड सिंगल पियर की अवधारणा अपनाई जाएगी (फ्लायओवर के सुपर-स्ट्रक्चर को छोड़कर)।
कल्याण फाटा से राजनोली तक डबल-डेकर फ्लायओवर
कल्याण–शिलफाटा रोड पर कल्याण फाटा (शिलफाटा) से भिवंडी के पास आगरा महामार्ग स्थित राजनोली तक का सफर अब और अधिक सुगम होगा। इस मार्ग पर डबल-डेकर एलिवेटेड रोड के निर्माण को मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण ने मंजूरी दी है। इस चार लेन वाले डबल-डेकर उन्नत मार्ग पर एक ही समय में मेट्रो और सड़क यातायात संचालित होगा। इससे शहर के भीड़भाड़ वाले चौराहों से बचते हुए बिना किसी ट्रैफिक जाम के शिलफाटा से सीधे भिवंडी तक यात्रा करना संभव होगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत ५९०९.२१ करोड़ रुपये है और इसे प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है।
इस उन्नत मार्ग की कुल लंबाई १९.४० किलोमीटर होगी। यह मार्ग कल्याण फाटा (शिलफाटा जंक्शन) से शुरू होकर काटई नाका, पत्री पुल, गोविंदवाड़ी बायपास होते हुए भिवंडी के राजनोली जंक्शन पर समाप्त होगा।
मेट्रो इंटीग्रेशन
यह डबल-डेकर मार्ग:
मेट्रो-५ (ठाणे–भिवंडी–कल्याण)
मेट्रो-१२ (कल्याण–तलोजा)
से जुड़ा होगा। इसके साथ ही इसे मेट्रो-१२ए (विस्तारित) और मेट्रो-१४ (कांजुरमार्ग–बदलापुर) जैसी प्रस्तावित मेट्रो लाइनों से भी जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और तेज़ कनेक्टिविटी मिलेगी।
कैसा होगा यह उन्नत मार्ग
पहला स्तर: वाहनों के लिए सड़क
दूसरा स्तर: मेट्रो लाइन
८ स्थानों पर प्रवेश (एंट्री) और निकास (एग्जिट) रैंप
२ रेलवे फ्लायओवर:
पलावा–दिवा–पनवेल रेलवे लाइन
पत्री पुल क्रॉसिंग
२ प्रमुख पुल:
देसाई खाड़ी
उल्हास नदी (दुर्गाड़ी क्षेत्र)
यह भी पढ़ें – प्रभादेवी पुल का काम अप्रैल तक पूरा करने का आदेश
















