स्मार्ट पुलिसिंग की ओर कदम: Ghaziabad का इंदिरापुरम थाना अब तकनीक और पारदर्शिता से लैस

0
0
गाजियाबाद इंदिरापुरम थाना को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए नए ढंग से विकसित किया गया है। इस थाने को हाईटेक सुविधाओं और नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखकर पुनर्निर्मित किया गया है। सोमवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका उद्घाटन किया।

अफसर रहे मौजूद

इस अवसर पर एडिशनल सीपी केशव कुमार चौधरी, एडिशनल सीपी राजकरन नय्यर, डीसीपी धवल जायसवाल, डीसीपी निमिष पाटिल और एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने थाने में किए गए बदलावों का निरीक्षण किया और इसे जनता के अनुकूल कदम बताया।

थाने के सौंदर्यीकरण में साफ-सफाई, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक तकनीकी सिस्टम पर विशेष जोर दिया गया है। आम नागरिकों के बैठने के लिए अलग से सुसज्जित वेटिंग रूम तैयार किया गया है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रहेंगी ये सुविधाएं

महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए एक विशेष केंद्र भी बनाया गया है। इस केंद्र में काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे जरूरतमंद महिलाओं को गोपनीय और सुरक्षित वातावरण मिल सके। अधिकारियों के अनुसार, यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।