अफसर उतरे फील्ड पर
त्योहार के मद्देनजर डीआईजी गोरखपुर, जिलाधिकारी और एसएसपी ने शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने थाना राजघाट और थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बाजारों, मुख्य चौराहों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। त्योहार के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब के नशे में उत्पात मचाने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेश फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ा दी गई है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष राजघाट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
लोगों से की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। अधिकारियों का कहना है कि पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के साथ गोरखपुर में होली का पर्व शांति और उल्लास के साथ संपन्न कराया जाएगा।












