बरेली में अधिकारियों संग होली के रंग में डूबी पुलिस, ADG-SSP ने दी शुभकामनाएं

0
2
बरेली। शहर में होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के बाद पुलिसकर्मियों ने भी रंगों के इस पर्व को उत्साह के साथ मनाया। गुरुवार को पुलिस लाइन समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों पर होली मिलन का माहौल दिखाई दिया, जहां अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर बधाई देते नजर आए।

एसएसपी से लेकर एडीजी रहे मौजूद 

होली के दिन ड्यूटी निभाने के बाद अगले दिन पुलिस बल ने एक साथ मिलकर उत्सव मनाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के समूह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के आवास पर पहुंचे। अधिकारियों ने भी सभी का स्वागत करते हुए उनके साथ होली की खुशियां साझा कीं।

पुलिस लाइन में सुबह से ही जश्न का माहौल बना रहा। ढोल की थाप और होली के गीतों पर पुलिसकर्मी नाचते-गाते दिखाई दिए। रोजमर्रा की जिम्मेदारियों से अलग इस मौके पर सभी ने खुलकर रंग खेला और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। यह उत्सव दोपहर तक चलता रहा।

महिला थानों में भी खिली होली

इस बार के कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। महिला थाने और पुलिस लाइन की महिला कर्मियों ने भी पूरे उत्साह के साथ होली खेली और गीत-संगीत पर नृत्य कर माहौल को और अधिक खुशनुमा बना दिया।