

भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। मैदान के बाहर भी इस जीत की खूब चर्चा रही और सोशल मीडिया पर कई मजेदार प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। खास तौर पर पुलिस विभागों के बीच हुई मजेदार बातचीत लोगों को खूब पसंद आ रही है।
ये था मामला
भारत की जीत के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली पुलिस, अहमदाबाद पुलिस और यूपी पुलिस के बीच हल्की-फुल्की मजाकिया बातचीत शुरू हो गई। मैच के दौरान जब भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे थे, तब दिल्ली पुलिस ने अहमदाबाद पुलिस को टैग करते हुए मजेदार पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि किवी टीम की तरफ से गेंद गायब होने की शिकायत आ सकती है, लेकिन इसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है क्योंकि भारतीय बल्लेबाज ही गेंद को स्टैंड में भेज रहे हैं।

दिल्ली पुलिस के इस पोस्ट का जवाब अहमदाबाद पुलिस ने भी उसी अंदाज में दिया। उन्होंने कहा कि जानकारी के लिए धन्यवाद, इस मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है। इसके बाद इस मजेदार बातचीत में यूपी पुलिस भी शामिल हो गई और उसने अपनी अनोखी प्रतिक्रिया से सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।

यूपी पुलिस ने पोस्ट करते हुए लिखा कि केस का स्टेटस अपडेट किया गया है। पिछली शिकायत थी कि गेंद गुम हो गई, लेकिन नई शिकायत के अनुसार पूरी बल्लेबाजी टीम ही गायब हो गई है। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि यह कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है, यह तो बुमराह है।

वायरल हो गई पोस्ट
तीनों पुलिस विभागों के बीच हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और यूजर्स ने भी कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। वहीं भारत की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है। भारत अब 2007, 2024 और 2026 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है और टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है।













