उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के नाम पर भ्रामक संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इन संदेशों के जरिए कुछ असामाजिक तत्व अभ्यर्थियों को गुमराह कर उनसे पैसे वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।
ये है मामला
बोर्ड के संज्ञान में मामला आने के बाद इस तरह की ठगी और अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस संबंध में थाना हुसैनगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में मुकदमा अपराध संख्या 21/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 318(4), 221 और 270, आईटी एक्ट की धारा 66D के साथ-साथ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 4/13(2) और 8/13(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परीक्षा नियंत्रक, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ऐसे भ्रामक संदेशों से सावधान रहें और किसी भी व्यक्ति या समूह के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें।
बोर्ड ने किया स्पष्ट
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाती हैं। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा से जुड़ी गलत या भ्रामक जानकारी फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











