कौन हैं 2018 बैच की IPS अंकिता शर्मा? जिन्हें मिला बदायूं SSP का जिम्मा

0
0
 

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एचपीसीएल प्लांट में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव किया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को बदायूं का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

कौन हैं अंकिता शर्मा

अंकिता शर्मा वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और अपनी तेज कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं। मूल रूप से राजस्थान के जयपुर की रहने वाली अंकिता शर्मा ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। उनका जन्म 23 जुलाई 1992 को हुआ था। उनके पिता का नाम अशोक कुमार शर्मा है।

अंकिता शर्मा ने 22 दिसंबर 2024 को कासगंज जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई गंभीर आपराधिक मामलों का सफल खुलासा किया और जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। हाल ही में अलविदा जुमा की नमाज के अवसर पर उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का खुद निरीक्षण किया था।

इससे पहले वह कानपुर कमिश्नरेट में डीसीपी दक्षिण के पद पर भी तैनात रह चुकी हैं। कानपुर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने हत्या, लूट समेत कई बड़ी घटनाओं का पर्दाफाश किया। उनके नेतृत्व में कई अपराधियों के खिलाफ हाफ एनकाउंटर की कार्रवाई भी हुई थी। इसके साथ ही उन्हें यातायात व्यवस्था का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था, जिसे उन्होंने प्रभावी ढंग से संभाला।

इसलिए हुआ बदलाव 

दरअसल, बदायूं के सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में घुसकर प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए थे।

बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों ने आरोपी अजय प्रताप सिंह से खतरा बताते हुए पहले ही एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हो सकी। मृतक हर्षित मिश्रा की मां ने भी पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे। घटना के बाद सरकार ने तत्काल प्रभाव से एसएसपी को हटाते हुए नई तैनाती कर दी है।