IPS ओमप्रकाश सिंह ने संभाला कार्यभार, पहले ही दिन बताईं प्राथमिकताएं

0
0
कासगंज: जिले में तैनात पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंकिता शर्मा का शुक्रवार देर रात स्थानांतरण कर दिया गया। शनिवार दोपहर उन्होंने कासगंज में अपना कार्यभार छोड़ दिया और बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उनके स्थान पर लखनऊ स्थित एसपी लॉजिस्टिक्स विभाग में तैनात ओमप्रकाश सिंह को कासगंज का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

शनिवार शाम पहुँचे एसपी

ओमप्रकाश सिंह शनिवार देर शाम कासगंज पहुंचे और औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और लंबित मामलों की जानकारी ली।

नव नियुक्त एसपी ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार की कानून व्यवस्था संबंधी नीतियों और निर्देशों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए थानों और चौकियों पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और उन पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कई अफसर रहे मौजूद

कार्यभार ग्रहण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर अंचल चौहान सहित पुलिस विभाग के कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत किया और उन्हें जिले की कानून व्यवस्था से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं।