त्योहारों में पुलिस बल पूरी तरह सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद : DGP

0
0
चैत्र नवरात्र, ईद-उल-फितर और आगामी श्रीरामनवमी के अवसर पर प्रदेश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है। पुलिस महानिदेशक ने सीएम योगी की बैठक से पहले जानकारी देते हुए बताया कि इन त्योहारों के दौरान व्यापक सुरक्षा तैयारियों के तहत फुट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है।

सभी अफसर रहे मौजूद

सीएम योगी की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (जोन), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक (रेंज), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अव्यवस्था पर तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि फुट पेट्रोलिंग बढ़ाकर और तकनीकी निगरानी का उपयोग करके भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। साथ ही, पुलिस को निर्देशित किया गया कि हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और किसी भी घटना को हल्के में न लिया जाए।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों, मंदिरों और प्रमुख पब्लिक जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता की सुविधाओं की भी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और शांति, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाया जाए।

पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के अवसर पर जनता के विश्वास और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता हो। इसके लिए अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता के साथ निभाएं और सभी सुरक्षा उपायों का पालन करें। इससे प्रदेश में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित होगा।