प्रयागराज शहर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां कैंट थाने में तैनात सिपाही कृपाल सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार दोपहर घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, कृपाल सिंह मूल रूप से फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ क्षेत्र के निवासी थे और वर्ष 2019 बैच के सिपाही थे। वर्तमान में उनकी तैनाती प्रयागराज के कैंट थाने में थी। वह शहर के राजापुर इलाके में किराए के कमरे में अकेले रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे गांव में ही रहते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में कमरे के अंदर किसी तरह के संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं की गई है।
पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा शव
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक सिपाही के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।












