एलवी एंटोनी देवकुमार को उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महानिदेशक (डीजी) के पद पर पदोन्नत कर दिया है। इस संबंध में गृह (पुलिस सेवा) विभाग द्वारा शुक्रवार को आधिकारिक आदेश जारी किया गया। वर्ष 1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवकुमार वर्तमान में एडीजी रूल्स एंड मैन्युअल के पद पर कार्यरत हैं और प्रशासनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं।
ये है आदेश
जारी आदेश के अनुसार, देवकुमार की पदोन्नति 1 मार्च 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। उन्हें वेतन मैट्रिक्स लेवल-16 के तहत पदस्थ किया गया है, जो पुलिस सेवा में उच्चतम जिम्मेदारियों वाले पदों में शामिल होता है। उनकी तैनाती को लेकर अलग से आदेश जारी किया जाएगा।

देवकुमार का पुलिस सेवा में लंबा और विविध अनुभव रहा है। उन्होंने कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक सुधार और विभागीय प्रक्रियाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एडीजी रूल्स एंड मैन्युअल के रूप में उन्होंने पुलिस विभाग के नियमों और कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने की दिशा में कई अहम कदम उठाए, जिसकी व्यापक सराहना भी हुई।
महत्वपूर्ण है ये फैसला
प्रदेश सरकार का यह फैसला प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वरिष्ठता, अनुभव और सेवा रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारों का मानना है कि उनकी नियुक्ति से पुलिस विभाग में कार्यकुशलता और बेहतर समन्वय को बढ़ावा मिलेगा।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि देवकुमार की नई तैनाती के संबंध में अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे। उनके पदोन्नत होने के बाद पुलिस महकमे में नए सिरे से जिम्मेदारियों का पुनर्विन्यास होने की संभावना है।












