मथुरा केस: एडीजी बोले—सड़क हादसे में गई ‘फरसा वाले बाबा’ की जान, हत्या के संकेत नहीं

0
0
मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के मामले में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में यह घटना एक सड़क हादसा प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की साजिश या जानबूझकर कुचलने जैसी बात सामने नहीं आई है।

ये है मामला 

एडीजी के अनुसार घटना उस समय हुई जब बाबा ने संदेह के आधार पर एक कंटेनर को रोका था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल है और पुलिस की निगरानी में इलाज चल रहा है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि परिचालक से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

जरूर होगी जांच

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कंटेनर में रोजमर्रा का सामान था और ट्रक में तार लदे थे। इससे गोतस्करी जैसी आशंकाओं को खारिज किया गया है।

एडीजी ने कहा कि फिलहाल सभी साक्ष्य हादसे की ओर इशारा कर रहे हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच जारी रखे हुए है ताकि किसी भी संभावना को पूरी तरह से नकारा जा सके।