पीटीआई, नई दिल्ली। कम उम्र की लड़कियों में स्तनों का शुरुआती विकास किस वजह से हो रहा है, इसका पता लगाने में अब रक्त की एक साधारण जांच मददगार हो सकती है।
भारतीय शोधकर्ताओं ने दो हार्मोन के अनुपात पर आधारित एक ऐसे सूचकांक की पहचान की है, जो समयपूर्व यौवन की दो स्थितियों के बीच अंतर करने में मदद कर सकता है। इससे मौजूदा जांच प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है।
मुंबई स्थित भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य अनुसंधान संस्थान (आइसीएमआर-एनआइआरडब्ल्यूओएच) और बाई जेरबाई वाडिया अस्पताल फॉर चिल्ड्रेन के शोधकर्ताओं ने किसपेप्टिन-10 और ल्यूटिनाइजिंग हार्मोन (एलएच) के अनुपात का अध्ययन किया। इसके नतीजे अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका क्लिनिका किमिका आक्टा में प्रकाशित हुए हैं।
दो स्थितियों में अंतर करना जरूरी
लड़कियों में आठ साल की उम्र से पहले स्तनों का विकास ‘सेंट्रल प्रिकोसियस प्यूबर्टी’ या ‘समयपूर्व थेलार्चे’ का संकेत हो सकता है।
पहली स्थिति में शरीर में प्यूबर्टी की प्रक्रिया समय से पहले शुरू हो जाती है और इलाज की जरूरत पड़ सकती है। दूसरी स्थिति में केवल स्तनों का विकास होता है, जबकि प्यूबर्टी के अन्य लक्षण नहीं दिखते। यह आमतौर पर हानिरहित होती है और इसमें निगरानी की जरूरत पड़ती है।
फिलहाल इन दोनों स्थितियों में अंतर करने के लिए जीएनआरएच (गोनाडोट्रोपिन रिलीजिंग हार्मोन) स्टिमुलेशन जांच की जाती है। इसमें हार्मोन देने के बाद कई घंटों तक बार-बार खून के नमूने लेने पड़ते हैं। यह जांच सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध भी नहीं है।
दो हार्मोन का अनुपात रहा ज्यादा कारगर
शोधकर्ताओं ने पाया कि किसपेप्टिन-10 और एलएच में से कोई भी अकेले दोनों स्थितियों में भरोसेमंद अंतर नहीं कर पाया। लेकिन दोनों के अनुपात से बेहतर नतीजे मिले।
शोधकर्ताओं के अनुसार, यह सूचकांक मौजूदा जांचों के साथ सहायक साबित हो सकता है। डाक्टर अंतरा बनर्जी ने कहा कि अध्ययन से इस अनुपात की संभावित उपयोगिता सामने आई है।
वहीं, अध्ययन की प्रमुख लेखिका डॉक्टर सुचित्रा सुरवे के मुताबिक, रक्त के नमूने से तैयार यह सूचकांक दोनों स्थितियों में अंतर करने का सरल तरीका बन सकता है।
अस्पताल की पीडियाट्रिक एंडोक्रिनोलाजी विभाग प्रमुख प्रोफेसर डॉक्टर सुधा राव ने कहा कि इससे उन बच्चियों की समय पर पहचान में मदद मिल सकती है, जिन्हें इलाज की जरूरत है।
साथ ही, दूसरी बच्चियों को अनावश्यक जांच से बचाया जा सकेगा। हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह अभी शुरुआती शोध है। इसे मौजूदा जीएनआरएच जांच का विकल्प नहीं माना जा सकता। नियमित इस्तेमाल से पहले बड़े मरीज समूहों पर इसकी स्वतंत्र पुष्टि जरूरी होगी।

















