बस्ती में सड़क पर पढ़ रहे बच्चे: स्कूल के कमरे में होती है घुटन, बीएसए बोले-जांच टीम गठित, होगी सख्त कार्रवाई

बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय पैड़ा का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्कूल के छात्र कक्षाओं के बजाय सड़क पर बैठकर पढ़ाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में स्कूल परिसर में गैस सिलेंडर रखा होना भी दिखाई दे रहा है।

विद्यालय के शिक्षामित्र का कहना है कि कक्षाओं में भीषण गर्मी और घुटन के कारण बच्चों को सड़क किनारे बैठाकर पढ़ाया गया। वीडियो वायरल होने पर प्रधानाध्यापक ने नाराजगी जताई है।

अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि सड़क पर पढ़ाई कराने से बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती है। इस घटना के बाद वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने बताया कि टीम गठित कर जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।