श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। स्थानीय लोगों की माने तो चकपिहानी गांव के लाल जी गुप्ता (22) तालाब के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान उनका पैर फिसलने से गहरे पानी में गिर गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। भिनगा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं स्थानीय गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया।वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि लाल जी घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन की गई। तब पता चला कि वे तालाब में डूब गए हैं।
दरअसल बीती रात से क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण गांव के आसपास के तालाब और गड्ढे पानी से भर गए हैं। बारिश की वजह से तालाब के किनारे की मिट्टी में फिसलन बन गई थी। फिलहाल लाल जी के साथ वास्तव में क्या हुआ है, इसकी सही जानकारी नहीं मिल पाई है। परिवार सदमे में पूरी जानकारी भी नहीं दे पा रहे हैं। पुलिस की जांच पड़ताल जारी है।

















