श्रावस्ती में पुलिस ने मवेशी चोरी की योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और कोतवाली भिनगा पुलिस की संयुक्त टीम को यह बड़ी सफलता मिली।
दरअसल मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि ग्राम पतिझिया के एक बंद ईट भट्टे में कुछ लोग मवेशी चोरी की योजना बना रहे हैं। पुलिस की दबिश में सात संदिग्ध मिले। तीन आरोपी पिकअप वाहन में मौके से भाग निकले। जबकि चार को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
फरार हुए तीन आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों में बाउर उर्फ सुभान, अलीम, ननके उर्फ सलीम और असलम शामिल हैं। इनके पास से 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चाकू, टॉर्च और रस्सी बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पहले भी मवेशी चोरी करने की बात स्वीकार की।
यह कार्रवाई थाना कोतवाली भिनगा में पंजीकृत मुकदमा संख्या के तहत की गई। लोकई पुत्र शोभाराम के प्रार्थना पत्र पर यह कार्रवाई शुरू की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। फरार हुए तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

















