सिद्धार्थनगर। खुनियाँव क्षेत्र में बुधवार सुबह हुई बारिश ने किसानों और ग्रामीणों को राहत दी है। लंबे समय से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को इस बारिश से राहत मिली है।
इस समय धान की फसल बढ़वार की अवस्था में है। खेतों में पर्याप्त पानी मिलने से उपज बेहतर होने की उम्मीद बढ़ी है। किसान नागेंद्र सिंह, अमीर अंसारी, इरफ़ान, महेंद्र कुमार, राम प्रकाश, जमुना यादव, सुखराम, आकाश पाठक, अनूप कुमार मिश्रा और अशोक का कहना है कि समय पर यूरिया खाद मिलने से इस सीजन की पैदावार बढ़ सकती है।
गाँव के किसान बारिश का पानी खेतों में भरते हुए उत्साहित दिखे। उनका मानना है कि बारिश से फसलों को फायदा होगा। साथ ही भू-जल स्तर में भी सुधार होगा। तालाबों और पोखरों में पानी बढ़ने से पशुओं के लिए जल उपलब्ध होगा।
बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। लोग सुबह से खुली हवा में टहलते और ठंडक का आनंद लेते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना है। इससे धान समेत अन्य खरीफ फसलों को फायदा होगा। किसान और ग्रामीण इस बारिश को प्रकृति का आशीर्वाद मान रहे हैं।





