सिद्धार्थनगर के खेसराहा थाना क्षेत्र के ग्राम गेगटा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के बाहर झोपड़ी में रहने वाले 60 वर्षीय शिवपूजन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है।
ये है मामला
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की जांच में कई संदिग्ध सबूत मिले हैं। मृतक के हाथ-पैर और शरीर पर मिट्टी लगी हुई थी। आसपास की जमीन कुरेदी हुई मिली। शव के पास मिट्टी से सनी टॉर्च और बिखरे हुए बर्तन मिले हैं।

शिवपूजन पत्नी के निधन के बाद अकेले रहते थे। वे गांव के बाहर सिवान में बनी झोपड़ी में रहकर सब्जियां उगाने और बेचने का काम करते थे। उनकी एक बेटी कविता है, जिसकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना पर पहुंची कविता ने किसी पर शक जाहिर नहीं किया।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। ग्रामीणों का मानना है कि घटनास्थल पर मिले सबूतों से मौत स्वाभाविक नहीं लगती। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












