![]()
पचपेड़वा क्षेत्र के भांभर रेंज बीरपुर सेमरा में रक्षाबंधन के अवसर पर एक अनूठा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाई-बहनों ने एक-दूसरे की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। वन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ‘एक पौधा भाई के नाम, एक पौधा बहन के नाम’ अभियान चलाया गया। इसके तहत भाई-बहनों ने मिलकर पौधे रोपे और उनके संरक्षण तथा नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा का संदेश देना था। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वक्ताओं ने जोर दिया कि पौधरोपण केवल पर्यावरण बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान करने की हमारी जिम्मेदारी भी है। इस अवसर पर वन विभाग के समस्त स्टाफ, युवा समाजसेवी सुनील कुमार त्रिपाठी, बब्लू वाल्मीकि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने रक्षाबंधन पर इस पर्यावरण-हितैषी पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
























