काठमांडू। नेपाल में भोटेकोसी नदी में आई बाढ़ के कारण रसुवा जिले में जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे कर्मचारियों को बाहर निकालने के लिए भारत ने राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए एक विशेष तकनीकी टीम नेपाल भेजी है। टीम के साथ जरूरी तकनीकी उपकरण और राहत सामग्री भी नेपाल पहुंचाई गई है।
भारत से भेजी गई टीम और तकनीकी सामग्री काठमांडू पहुंचने के बाद भारतीय दूतावास ने इसे नेपाल सरकार को सौंप दिया। नेपाल सरकार के आग्रह पर भारत ने यह विशेषज्ञ टीम और आवश्यक उपकरण भेजे हैं।
भोटेकोसी नदी में आई बाढ़ के बाद रसुवा के विभिन्न इलाकों में स्थित जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में मौजूद कर्मचारियों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में राहत एवं बचाव दलों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए नेपाल ने भारत से तकनीकी सहायता मांगी थी।
भारत की ओर से भेजी गई टीम सुरंगों में बचाव अभियान के लिए आवश्यक तकनीकी विशेषज्ञता और उपकरणों के साथ नेपाल पहुंची है। साथ ही नेपाल के लिए करीब 10 टन राहत सामग्री भी भेजी है। यह सामग्री प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों के लिए इस्तेमाल की जाएगी।
इससे पहले भी भारत दो बार राहत सामग्री लेकर विमान नेपाल भेज चुका है। भारत की ओर से अब तक कुल 57.5 टन राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई जा चुकी है।
भारत की ओर से लगातार भेजी जा रही राहत सामग्री और तकनीकी सहायता का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान को गति देना और संकट में फंसे लोगों तक मदद पहुंचाना है।
























