Home Blog Page 71

सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, गंगाराम में एडमिट, अब कैसा है हाल?


कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार देर रात, उनकी तबीयत अचानक खराब हुई, जिसके बाद उन्हें मंगलवार की देर रात भर्ती किया गया। अब डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सोनिया गांधी का अस्पताल में अभी इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 

मौसम में बदलाव की वजह से उनकी तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की एक टीम उनका इलाज कर रही है। कोई गंभीर समस्या नहीं है। 

जनवरी में भी सोनिया गांधी को इसी अस्पताल में सांस की तकलीफ की वजह से भर्ती किया गया था। सोनिया गांधी ब्रॉन्कियल अस्थमा की समस्या से जूझ रही हैं। डॉक्टरों ने जनवरी में भी उन्हें निगरानी में रखा था। 

हर किसी को नहीं खाने चाहिए चिया सीड्स, फायदे के बजाय नुकसान हो जाएगा


चिया सीड्स को आज का सुपरफूड माना जाता है क्योंकि इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। हार्वर्ड से ट्रेनिंग ले चुकीं डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर जुश्या सरीन के अनुसार ये बीज हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि कुछ खास तरह की शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को चिया सीड्स के सेवन से पहले बहुत सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि ये उनकी सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं। 

 

चिया सीड्स पानी में मिलने के बाद काफी फूल जाते हैं जिससे नाजुक पेट वाले लोगों को ऐंठन या भारीपन महसूस हो सकता है। डॉक्टर की सलाह है कि शुरुआत में सिर्फ आधा चम्मच ही लें और देखें कि आपका शरीर इसे कैसे पचा रहा है। चिया सीड्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाने से पहले अपनी सेहत की स्थिति को समझना बहुत जरूरी है। अगर आप नीचे दी गई किसी भी समस्या से जूझ रहे हैं तो इन जरूरी बातों का खास ध्यान रखें और बिना डॉक्टर की सलाह के इनका सेवन शुरू न करें।

 

यह भी पढ़ें: किचन के ये 5 मसाले बन सकते हैं साइलेंट किलर, आज ही संभल जाएं

पेट की समस्याओं और गैस का खतरा

डॉक्टर सरीन के अनुसार जिन लोगों को पहले से ही गैस, ब्लोटिंग या पेट से जुड़ी परेशानियां रहती है उन्हें चिया सीड्स से दूर रहना चाहिए या बहुत कम मात्रा में लेना चाहिए। चिया सिड्स के अधिक सेवन से पेट में मरोड़ और गैस की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए पाचन तंत्र के नाजुक होने पर इसे अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

लो ब्लड प्रेशर वाले रहें सतर्क

चिया सिड्स में अल्फा-लिनोलेनिक एसिड और पोटेशियम पाया जाता है जो नेचुरल तरीके से ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद  करते हैं। हालांकि, यह सामान्य लोगों के लिए अच्छा है लेकिन जिन लोगों का बल्ड प्रेशर पहले से ही कम रहता है उन्हें इसे खाने से चक्कर या कमजोरी महसूस हो सकती है। लो बीपी की समस्या वाले लोगों को इसे अपनी डाइट में शामिल करने से बचना चाहिए।

खून पतला करने की दवा लेने वाले न खाएं

जो लोग खून पतला करने वाली दवाइयां यानी ब्लड थिनर्स ले रहे है उनके लिए चीया सिड्स खतरनाक साबित हो सकते हैं। इन बीजों में मौजूद ओमेगा-3 इन दवाओं के असर के बीच रुकावट पैदा कर सकता है जिससे शरीर में ब्लीडिंग का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मरीजों को चिया सीड्स का सेवन करने से पहले अपने एक्सपर्ट्स से बात करनी चाहिए।

एलर्जी और स्किन की नाजुकता

कई बार लोगों को तिल, सरसों या अलसी जैसे बीजों से एलर्जी होती है। डॉक्टर सरीन बताती हैं कि ऐसे लोगों को चिया सीड्स से भी क्रॉस-रिएक्शन होने का डर रहता है। इससे शरीर पर खुजली,लाल निशान या सांस लेने में तकलीफ जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। अगर आपको किसी भी तरह की सीड एलर्जी है तो चिया सीड्स खाते समय बहुत ज्यादा सावधानी बरतें।

 

यह भी पढ़ें: दूध से मसाले तक में मिलावट, आपकी सेहत पर असर क्या?

किडनी की बीमारी में बढ़ता है खतरा

जिन लोगों की किडनी सही से काम नहीं कर रही है उन्हें भी चीया सीड्स से परहेज करना चाहिए। इन बीजों में पोटेशियम और फास्फोरस की मात्रा काफी ज्यादा होती है जिसे खराब किडनी के लिए फिल्टर करना मुश्किल हो जाता है। इससे शरीर में इन मिनरल्स का संतुलन बिगड़ सकता है जो सेहत के लिए जोखिम भरी है।

 

वैसे चिया सीड्स ज्यादातर लोगों के लिए सुरक्षित हैं अगर उन्हें सही मात्रा में लिया जाए। रोजाना एक से दो बड़े चम्मच भिगोए हुए चिया सीड्स काफी होते हैं लेकिन इनके साथ दिन भर खूब पानी पीना जरूरी है ताकि आपका पाचन तंत्र सही तरीके से काम कर सके।

नवरात्रि में किन राशियों पर बरस रही है देवी मां की कृपा? पढ़ें राशिफल


22 मार्च 2026  रविवार का दिन  है। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि और अश्विनी नक्षत्र के प्रभाव में रहेगा। आज का मूलांक 4 है, जो राहु का अंक माना जाता है और अचानक होने वाले बदलावों व कूटनीतिक सोच को दर्शाता है। ग्रहों की स्थिति पर नजर डालें तो चंद्रमा आज अपनी उच्च राशि मेष में गोचर करेंगे।  सूर्य और बुध मीन राशि में स्थित हैं, जो आत्म-चिंतन और बौद्धिक कार्यों के लिए आज के दिन को विशेष ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।

 

आज की समग्र ऊर्जा क्रियाशील और सकारात्मक परिणामों की ओर संकेत कर रही है। गजकेसरी योग के प्रभाव से आज ज्ञान, सम्मान और धन वृद्धि के अवसर मिलेंगे, हालांकि रविवार होने के कारण सूर्य का प्रभाव आत्म-सम्मान में वृद्धि करेगा। आज का दिन विशेष रूप से उन लोगों के लिए शुभ है जो सरकारी सेवा। प्रबंधन या शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं। मूलांक 4 के कारण कुछ अप्रत्याशित घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए धैर्य बनाए रखना और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना ही आज की सफलता का मूल मंत्र होगा। आइए जानते हैं मेष से लेकर मीन तक सभी 12 राशियों के लिए आज का दिन कैसा रहने वाला है।

 

यह भी पढ़ें: पापमोचनी एकादशी के दिन कौन-सी कथा पढ़नी चाहिए? जान लीजिए

 

क्या है आज का राशिफल?

मेष 

चंद्रमा का आपकी ही राशि में गोचर आज आपको मानसिक रूप से अत्यंत बलिष्ठ बनाएगा। कार्यक्षेत्र में आपकी धाक जमेगी और सहकर्मी आपसे सलाह लेंगे। व्यापार में विस्तार की नई योजनाएं आज धरातल पर उतर सकती हैं। आय के नए स्रोत खुलेंगे और लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिल सकता है। प्रेम और परिवार: जीवनसाथी के साथ सामंजस्य बेहतरीन रहेगा, घर में सुख-शांति का वातावरण रहेगा। स्वास्थ्य: उत्साह और स्फूर्ति बनी रहेगी, लेकिन आंखों में हल्की थकान हो सकती है। 
आज क्या करें: उगते सूर्य को तांबे के लोटे से जल चढ़ाएं। 
आज क्या न करें: जल्दबाजी में किसी महत्वपूर्ण दस्तावेज पर हस्ताक्षर न करें।

 

वृषभ 

आज का दिन खर्चों और बाहरी संपर्कों की ओर इशारा कर रहा है। विदेशी व्यापार या बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम करने वालों को लाभ होगा। दफ्तर में काम का बोझ बढ़ सकता है। सुख-सुविधाओं पर धन खर्च होगा, निवेश के लिए आज का दिन मध्यम है। परिवार के बड़ों का सहयोग मिलेगा, लेकिन जीवनसाथी के साथ छोटी बातों पर बहस से बचें। स्वास्थ्य: पैरों में दर्द या अनिद्रा की समस्या परेशान कर सकती है।
 आज क्या करें: किसी मंदिर में घी का दीपक जलाएं।
 आज क्या न करें: आज किसी से उधार लेन-देन करने से बचें।

 

यह भी पढ़ें: कम पैसे में कैसे करें बद्रीनाथ धाम की यात्रा? तरीका जानिए

 

मिथुन 


आज आपकी आय और लाभ के भाव में ग्रहों का शुभ योग बन रहा है। मार्केटिंग और संचार क्षेत्र से जुड़े लोगों को बड़ी सफलता मिलेगी। नए प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए दिन उत्तम है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, शेयर बाजार या प्रॉपर्टी से लाभ के संकेत हैं। मित्रों के साथ सुखद समय बीतेगा, लव लाइफ में नया उत्साह देखने को मिलेगा। आप स्वयं को तरोताजा महसूस करेंगे, योग को दिनचर्या में शामिल करें। 
आज क्या करें: पक्षियों को दाना डालें। 
आज क्या न करें: अपनी गोपनीय बातें किसी बाहरी व्यक्ति से साझा न करें।

 

कर्क 


आज आपका पूरा ध्यान अपने कर्मक्षेत्र और सामाजिक प्रतिष्ठा पर रहेगा। कार्यस्थल पर आपकी कार्यक्षमता की सराहना होगी, अधिकारी वर्ग आपसे प्रसन्न रहेगा। व्यापार में नई पार्टनरशिप फलदायी रहेगी। बजट संतुलित रहेगा, पुराने निवेश से लाभ मिलने की संभावना है। घर के माहौल में सुधार होगा, पिता का पूर्ण सहयोग और आशीर्वाद प्राप्त होगा। हड्डियों या घुटनों में हल्का दर्द हो सकता है, सावधानी बरतें।
 आज क्या करें: शिव चालीसा का पाठ करें। 
आज क्या न करें: कार्यस्थल पर किसी की बुराई या राजनीति का हिस्सा न बनें।

 

यह भी पढ़ें: एक त्योहार, कई अंदाज, देश के अलग-अलग राज्यों में होली की खास परंपराएं

 

सिंह

 
भाग्य का सितारा आज बुलंद है और आध्यात्मिक यात्रा के योग बन रहे हैं। उच्च शिक्षा और लेखन से जुड़े जातकों को बड़ी उपलब्धि मिल सकती है। व्यापार में भाग्यवश बड़े अवसर प्राप्त होंगे। धन आगमन के प्रबल योग हैं, दान-पुण्य के कार्यों पर खर्च हो सकता है। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थल की यात्रा हो सकती है। संतान पक्ष से गर्व की अनुभूति होगी।  स्वास्थ्य उत्तम रहेगा, मानसिक शांति का अनुभव करेंगे। 
आज क्या करें: माथे पर केसर का तिलक लगाएं। 
आज क्या न करें: आज किसी बुजुर्ग व्यक्ति का अनादर न करें।

 

कन्या


आज आपको थोड़ा संभलकर चलने की सलाह दी जाती है।  कार्यक्षेत्र में बाधाएं आ सकती हैं, धैर्य से काम लें। व्यापार में कोई भी बड़ा जोखिम आज न उठाएं। धन की हानि के संकेत हैं, लॉटरी या सट्टेबाजी से पूरी तरह दूर रहें। जीवनसाथी की सेहत की चिंता रह सकती है। संवाद में मधुरता बनाए रखें वरना विवाद बढ़ सकता है। पेट के विकारों या एलर्जी के प्रति सतर्क रहें। 
आज क्या करें: हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
आज क्या न करें: अनजान लोगों के कहने पर निवेश न करें।

 

तुला 


दांपत्य जीवन और साझेदारी के लिए आज का दिन विशेष शुभ है। साझेदारी में चल रहे व्यापार में लाभ होगा। नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारी के साथ मान-सम्मान मिल सकता है। आय के साधनों में स्थिरता आएगी, सुख-साधनों पर खर्च संभव है। जीवनसाथी के साथ भावनात्मक लगाव बढ़ेगा, किसी सामाजिक समारोह में हिस्सा ले सकते हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन खान-पान पर नियंत्रण रखें।
 आज क्या करें: छोटी कन्याओं को कुछ मीठा खिलाएं। 
आज क्या न करें: अपनी राय दूसरों पर थोपने की कोशिश न करें।

 

वृश्चिक 


आज आप अपनी मेहनत और सूझबूझ से विरोधियों को मात देंगे। ऑफिस में आपके काम को नोटिस किया जाएगा। कानूनी अड़चनें दूर होंगी और अटके हुए काम पूरे होंगे। फिजूलखर्ची पर नियंत्रण रखना होगा, भविष्य के लिए बचत पर ध्यान दें। परिवार के साथ तालमेल बना रहेगा, ननिहाल पक्ष से सहयोग मिल सकता है। पुराने रोगों से मुक्ति मिलेगी, लेकिन मौसमी बीमारियों से बचें।
 आज क्या करें: सुंदरकांड का पाठ करें या सुनें। 
आज क्या न करें: क्रोध और आवेश में आकर कोई निर्णय न लें।

 

धनु 


रचनात्मकता और शिक्षा के क्षेत्र में आज आप चमकेंगे। विद्यार्थियों के लिए दिन बेहतरीन है। कलाकारों और डिजाइनरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के नए मंच मिलेंगे। बुद्धि के प्रयोग से अच्छा लाभ कमा पाएंगे, नया निवेश करना शुभ रहेगा। लव लाइफ में मधुरता आएगी, संतान की ओर से कोई सुखद समाचार मिल सकता है। मानसिक प्रसन्नता रहेगी, मेडिटेशन करने से ऊर्जा बढ़ेगी। 
आज क्या करें: पीली वस्तुओं का दान करें।
 आज क्या न करें: जुआ और सट्टेबाजी जैसे अनैतिक कार्यों से दूर रहें।

 

मकर 


आज सुख-सुविधाओं और घरेलू शांति पर अधिक ध्यान रहेगा। प्रॉपर्टी या रियल एस्टेट के काम से जुड़े लोगों को लाभ होगा। कार्यक्षेत्र में एकाग्रता की कमी महसूस हो सकती है। वाहन या भूमि की खरीद का मन बन सकता है, खर्च संतुलित रखें। माता का स्नेह प्राप्त होगा, घर की सजावट पर ध्यान देंगे। जीवनसाथी से पूरा सहयोग मिलेगा। सीने में जकड़न या सांस संबंधी छोटी समस्या हो सकती है।
 आज क्या करें: पीपल के वृक्ष के पास दीपक जलाएं। 
आज क्या न करें: घर के माहौल को तनावपूर्ण न होने दें।

 

कुंभ 


पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि का दिन है।  छोटी दूरी की व्यावसायिक यात्राएं सफल होंगी। संचार और मीडिया क्षेत्र के जातकों के लिए दिन विशेष लाभदायक है। धन लाभ के योग हैं, छोटे भाई-बहनों की मदद पर खर्च हो सकता है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के साथ संबंध सुधरेंगे। भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा।  ऊर्जा का स्तर ऊंचा रहेगा, गले के प्रति थोड़ी सावधानी बरतें। 
आज क्या करें: किसी गरीब को काली कंबल या छाता दान करें।
 आज क्या न करें: आज किसी से कठोर शब्द न बोलें।

 

मीन


वाणी में मधुरता और व्यक्तित्व में आकर्षण बना रहेगा।  पारिवारिक व्यवसाय में लाभ होगा। अपनी बात मनवाने में सफल रहेंगे, जिससे प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी। संचित धन में वृद्धि होगी, जेवर या आभूषणों में निवेश कर सकते हैं। परिवार में कोई मांगलिक उत्सव जैसा माहौल रहेगा। वाणी से सबका दिल जीत लेंगे। दांतों या मुख से जुड़ी छोटी समस्या हो सकती है। 
आज क्या करें: ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ का जाप करें। 
आज क्या न करें: भ्रम की स्थिति में कोई बड़ा वित्तीय फैसला न लें।


नोट: यह राशिफल सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। अपनी मेहनत पर भरोसा रखें और सकारात्मकता के साथ दिन का आनंद लें।

 

 

ईरान युद्ध के 24 दिन, कहीं ड्रोन, कहीं मिसाइल, कहीं मौतें, कहां-कहां तबाही मची?

अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध के 24 दिन बीत चुके हैं। ईरान को हमलों से अगले 5 दिनों के लिए राहत मिली है। डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि अगले 5 दिनों तक, हमले नहीं होंगे। उनका दावा है कि ईरान के साथ बातचीत निर्णायक मोड़ पर है। ईरान ने साफ कहा है कि ऐसी कोई  बातचीत नहीं हुई है। 

डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच बहुत अच्छी बातचीत हुई है, ईरान शांति चाहता है, परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमले पांच दिन रोकने का एलान किया। वहीं ईरान सरकार ने इसे झूठ बताया और कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका से कोई चर्चा नहीं हुई।


ईरान में क्या हो रहा है?

ईरान की राजधानी तेहरान में सोमवार सुबह धमाके सुनाई दिए हैं। इजरायल ने बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। कई जगहों पर बिजली ठप हो गई है। ईरान के उर्मिया शहर में आवासीय इमारतें ध्वस्त हो गईं, मलबे में लोग दबे हैं। बैंदर अब्बास में एक रेडियो स्टेशन पर हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। 

IRGC क्या कर रही है?

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने चेतावनी दी है कि अगर उनके पावर प्लांट पर हमला हुआ तो इजरायल और अमेरिकी बेस पर हमले बढ़ेंगे। ईरान का रुख साफ है कि अमेरिका और इजरायल को पीछे हटना ही होगा। होर्मुज को लेकर भी ईरान ने बेहद सख्ती बरती है।

खाड़ी के देशों में हो क्या रहा है?

  • ईरान ने सऊदी के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला करने की फिर कोशिश की है। एक मिसाइल को रोक लिया गया, दूसरे ने नुकसान पहुंचाया है।
  • संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अबूधाबी के पास मिसाइल रोकी गई, जिसमें एक भारतीय शख्स को हल्की चोटें आईं हैं।
  • कतर में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई। 
  • बहरीन में अमेरिकी पांचवीं फ्लीट पर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले हुए हैं।
  • कुवैत ने ईरान पर हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
अल उदीद एयर बेस पर ईरान का हमला। Photo Credit: PTI

इजरायल में कैसे हालात हैं?

इजरायल में यरूशलम और शहर के बीच वाले इलाकों में सायरन बजे हैं। शनिवार को ईरान के हमले में दिमोना और अराद शहरों में 180 से ज्यादा लोग घायल हुए। दिमोना के पास इजरायल का मुख्य न्यूक्लियर प्लांट है।

लेबनान में कैसे हालात हैं?

इजरायल ने लेबनान के दक्षिण में कास्मीयेह ब्रिज पर हमला किया। यह हिजबुल्लाह इस्तेमाल करता है। लेबनान में 2 मार्च से अब तक 1,029 लोगों की मौत हो चुकी है। यूएन के शांति सैनिकों के मुख्यालय पर भी बम गिराए गए हैं। 

इराक में 60 से ज्यादा मौतें

इराक में 60 से ज्यादा लोग मारे गए। नए हमलों में ज्यादातर ईरान समर्थक मिलिशिया के सदस्य इराक में मारे गए हैं। 

दुनिया इस जंग पर क्या कह रही है?

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। ब्रिटेन ईरान के राजदूत को तलब किया गया। ब्रिटेन ने पश्चिम एशिया में एयर डिफेंस सिस्टम भेज रहा है। रूस के विदेश मंत्री ने ईरान से तुरंत शांति की अपील की। अमेरिका में डेमोक्रेट नेता अब डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना कर रहे है। डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों का असर, दुनिया के बाजार पर पड़ रहाहै। चीन और हांगकांग के शेयर गिर रहे हैं। तेल और सोने के दामों में उतार-चढ़ाव जारी है। दुनिया भर के नेता युद्ध खत्म करने की अपील कर रहे हैं।

दिल्ली नहीं बल्कि UP का यह शहर है दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, पूरी लिस्ट देखिए


देश की राजधानी दिल्ली में सर्दियों के मौसम में प्रदूषण काफी ज्यादा बढ़ जाता है। हर न्यूजपेपर पर, सोशल मीडिया पर प्रदूषण की चर्चा ही चलती रहती है। दिल्ली के प्रदूषण के बारे में तो पूरे देश को पता चल गया है लेकिन दिल्ली देश का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर नहीं है। मंगलवार को स्विस कंपनी IQAir ने अपनी एक रिपोर्ट जारी की, जिसमें बताया गया है कि दुनिया में सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर और देश कौन से हैं। इस रिपोर्ट में भारत के बारे में भी कई डिटेल्स दी गई हैं। भारत के कई शहरों में PM2.5 नाम के पार्टिकुलेट मैटर का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सुझाए गए स्तर से कहीं ज्यादा है। 

 

इस रिपोर्ट के अनुसार, भारत की राजधानी दिल्ली दुनिया की सबसे ज्यादा प्रदूषित राजधानी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया के 25 सबसे प्रदूषित शहर भारत, पाकिस्तान और चीन में स्थित हैं, जिनमें से चार सबसे प्रदूषित शहरों में से तीन भारत में हैं। भारत का लोनी शहर सबसे प्रदूषित शहर है। लोनी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाज जिले में स्थित है। 

 

यह भी पढ़ें: फिर आने वाली है आफत! 29 मार्च तक आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी

टॉप 5 में तीन शहर भारत में

भारत के लिए चिंता की बात है कि दुनिया के पांच सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में से 3 शहर भारत के हैं। इस रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित लोनी शहर भारत का सबसे प्रदूषित शहर रहा। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि लोनी में PM 2.5 की वार्षिक औसत सांद्रता 112.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई है, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देश से 22 गुना से भी ज्यादा है। लोनी भारत ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर है। 

टॉप 10 प्रदूषित शहर

  1. लोनी- भारत 
  2. होटन-चीन
  3. बर्नीहाट- भारत 
  4. नई दिल्ली-भारत
  5. फैसलाबाद- पाकिस्तान
  6. रहीम यार खान- पाकिस्तान
  7. गाजियाबाद-भारत
  8. लाहौर- पाकिस्तान
  9. सुक्कूर-पाकिस्तान
  10. उला-भारत

टॉप 10 प्रदूषित देश

इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि जिन 143 देशों और क्षेत्रों की निगरानी की गई है उनमें से 130 देश WHO के मानकों को पूरा करने में नाकाम रहे। रिपोर्ट के अनुसार, भारत दुनिया का 6वां सबसे ज्यादा प्रदूषित देश है।

  • पाकिस्तान
  • बांग्लादेश
  • ताजिकिस्तान
  • चाड
  • कांगो
  • भारत
  • कुवैत
  • युगांडा
  • इजिप्ट
  • उज्बेकिस्तान

यह भी पढ़ें: ट्रंप का ईरान से हमला रोकने की बात कहना शांति नहीं बल्कि नैरेटिव गढ़ने की चाल है

किन देशों ने किया अच्छा प्रदर्शन?

 2025 में दुनिया के सिर्फ 14 प्रतिशत शहर ही WHO के मानकों को पूरा कर पाए जो पिछले साल के 17 प्रतिशत के मुकाबले कम है। जिन देशों ने इस स्टैंडर्ड को पूरा किया उनमें ऑस्ट्रेलिया, आइसलैंड, एस्टोनिया और पनामा शामिल हैं। 

दिमाग को सुन्न कर दे रहा है रील देखने का चस्का, हैरान कर देगी यह स्टडी


आजकल हर हाथ में स्मार्टफोन है और हर अंगूठा बस ऊपर की तरफ स्वाइप करने में बिजी है लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह मासूम सी दिखने वाली स्क्रॉलिंग आपके दिमाग के साथ एक खतरनाक खेल खेल रही है। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन (APA) की ताजा रिपोर्ट ‘डिजिटल ब्रेन इम्पैक्ट 2026’ के चौंकाने वाले आंकड़े बताते हैं कि शॉर्ट-फॉर्म कंटेंट यानी 15 से 60 सेकंड के वीडियो इंसानी ध्यान को दीमक की तरह चाट रहे हैं। मेटा और गूगल के इंटरनल डेटा के मुताबिक, एक औसत यूजर दिन भर में करीब 100 से ज्यादा रील्स देख डालता है। 

 

यह सिलसिला दिमाग में डोपामाइन का ऐसा तूफान लाता है कि हमें असली दुनिया और लंबी बातें बोरिंग लगने लगती हैं। रिसर्च में इसे ‘शॉर्ट-सर्किट अटेंशन’ का नाम दिया गया है, जिसका सीधा मतलब है कि अब हमारा दिमाग किसी भी चीज पर 10 सेकंड से ज्यादा फोकस करने की ताकत खोता जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें: चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कैसे करें? यहां समझिए तरीका

 

क्या कहते हैं वैज्ञानिक?

वैज्ञानिकों ने पाया है कि जब हम एक के बाद एक चटपटी रील्स देखते हैं, तो दिमाग का रिवॉर्ड सिस्टम ओवरलोड हो जाता है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की एक न्यूरोसांइस स्टडी के अनुसार, लगातार शॉर्ट वीडियो देखने से दिमाग के ‘प्रीफंटल कॉर्टेक्स’  में हलचल कम हो जाती है, जो हमारे फैसले लेने और कंट्रोल रखने का मुख्य केंद्र है। यह वजह है कि हम ‘बस एक रील और’ के चक्कर में घंटों बर्बाद कर देते हैं।

 

मेटा की 2025 की एनुअल रिपोर्ट दिखाती है कि शॉटर्स और रील्स पर बिताया जाने वाला समय पिछले साल के मुकाबले 40% बढ़ा है। यह डिजिटल नशा न सिर्फ हमारी नींद उड़ा रहा है, बल्कि युवाओं में चिड़चिड़ापन और किसी काम को पूरा न कर पाने की लाचारी भी पैदा कर रहा है।

कमजोर होती याददाश्त और सीखने की ताकत

गूगल के डेटा से पता चला है कि आजकल लोग कुछ भी नया सीखने के लिए लंबी किताबें पढ़ने के बजाय 30 सेकंड के वीडियो देखना ज्यादा पसंद कर रहे हैं लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह तरीका हमारे दिमाग के लिए सही नहीं है। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन की रिपोर्ट बताती है कि जब हम जल्दी-जल्दी वीडियो बदलते हैं, तो हमारे दिमाग को उस जानकारी को समझने या याद रखने का समय ही नहीं मिलता। हम देख तो बहुत कुछ रहे हैं लेकिन असल में कुछ भी नया सीख नहीं पा रहे हैं।

 

रील्स और शॉर्ट वीडियो हमें ‘इंस्टेंट ग्रैटिफिकेशन’ यानी तुरंत मिलने वाली खुशी के जाल में फंसा देते हैं। इससे हमारी ‘डीप थिंकिंग’ यानी किसी विषय पर गहराई से सोचने की शक्ति खत्म हो रही है। हमारा दिमाग अब मेहनत वाले कामों से भागने लगा है। अगर यही हाल रहा, तो आने वाले समय में लोगों के पास जानकारी तो बहुत होगी लेकिन उन्हें उस जानकारी की गहराई या सही मतलब पता नहीं होगा।

 

यह भी पढ़ें: गिनती के कपड़ों में भी दिखें स्टाइलिश, आखिर क्या है कैप्सूल वार्डरोब?

डिजिटल लत से बचने का क्या है रास्ता?

टेक एक्सपर्ट्स और डॉक्टरों का कहना है कि अब समय आ गया है जब हमें कुछ समय के लिए स्मार्टफोन से दूरी बना लेनी चाहिए। रिसर्चगेट (ResearchGate) पर पब्लिश एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगर कोई व्यक्ति दिन में केवल 30 मिनट के लिए भी फोन का इस्तेमाल बंद कर देता है, तो उसकी एकाग्रता यानी फोकस करने की शक्ति में सुधार होने लगता है। फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया ऐप्स के एल्गोरिदम को इस तरह तैयार किया गया है कि यूजर्स उनसे चिपके रहें। ऐसे में अपनी दिमागी सेहत को बचाने की जिम्मेदारी अब पूरी तरह यूजर्स पर है।

नवरात्रि में स्कंदमाता किन राशियों पर बरसाएंगी कृपा? पढ़ें राशिफल


23 मार्च 2026, सोमवार का दिन चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि के प्रभाव में रहेगा। आज का मूलांक 5 है, जिसका स्वामी बुध है और यह अंक बुद्धि, संचार और सामंजस्य का प्रतीक माना जाता है। ग्रहों की स्थिति पर नजर डालें तो चंद्रमा आज वृषभ राशि में गोचर करेंगे, जहां वे अपनी उच्च अवस्था में होंगे। सूर्य और बुध की मीन राशि में उपस्थिति और चंद्रमा का उच्च का होना आज के दिन को मानसिक शांति और रचनात्मक कार्यों के लिए अत्यंत शुभ बना रहा है। आज की समग्र ऊर्जा स्थिरता और नई योजनाओं को धरातल पर उतारने की ओर संकेत कर रही है।

 

आज के पंचांग के अनुसार, सोमवार और मूलांक 5 का संयोग व्यापारिक निर्णय लेने और महत्वपूर्ण वार्तालापों के लिए बहुत अनुकूल है। वृषभ राशि का चंद्रमा हमें व्यावहारिक बनाता है, जिससे हम आर्थिक मामलों में बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। हालांकि, राहु की दृष्टि के कारण कुछ भ्रम की स्थिति बन सकती है, लेकिन बुध का प्रभाव हमें सही मार्ग दिखाने में मदद करेगा। आज का दिन विशेष रूप से उन लोगों के लिए प्रगतिशील है जो बैंकिंग, मीडिया या परामर्श के क्षेत्र से जुड़े हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि मेष से लेकर मीन तक सभी 12 राशियों के लिए आज का दिन कैसा रहने वाला है।

 

यह भी पढ़ें: जिस माउंट आबू को पर्यटन के लिए जानते हैं लोग, उसका पौराणिक महत्व पता है?

क्या है 12 राशिफल का भाग्य?

मेष 

आज चंद्रमा आपके धन भाव में गोचर कर रहे हैं, जो आर्थिक स्थिरता का संकेत है। कार्यस्थल पर आपकी वाणी का प्रभाव बढ़ेगा। अटके हुए सरकारी काम आज गति पकड़ सकते हैं।  निवेश के लिए दिन उत्तम है, अचानक धन लाभ के योग हैं। परिवार में किसी मांगलिक कार्य की चर्चा हो सकती है। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। खान-पान का ध्यान रखें, दांतों में दर्द की समस्या हो सकती है। 
आज क्या करें: शिवलिंग पर कच्चा दूध अर्पित करें।
 आज क्या न करें: आज किसी को उधार देने से बचें।

 

वृषभ 


चंद्रमा आपकी ही राशि में गोचर कर रहे हैं, जिससे आत्मविश्वास चरम पर रहेगा। नई योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए दिन श्रेष्ठ है। नौकरी में पदोन्नति के अवसर मिल सकते हैं।  सुख-सुविधाओं पर खर्च होगा, लेकिन आय के स्रोत भी मजबूत रहेंगे। प्रेम और परिवार: पार्टनर के साथ रिश्ते गहरे होंगे। घर में शांति और सौहार्द बना रहेगा।  ऊर्जावान महसूस करेंगे, पुरानी बीमारी से राहत मिल सकती है। 
आज क्या करें: सफेद चंदन का तिलक लगाएं। 
आज क्या न करें: महत्वपूर्ण निर्णयों में जल्दबाजी न करें।

 

यह भी पढ़ें: नवरात्रि में किन राशियों पर बरस रही है देवी मां की कृपा? पढ़ें राशिफल

 

मिथुन

 
आज आपको थोड़ा संभलकर चलने की आवश्यकता है।  विदेश से जुड़े व्यापार में लाभ हो सकता है, लेकिन सहकर्मियों के साथ तालमेल बिठाने में मेहनत करनी होगी। अनावश्यक खर्चों की अधिकता बजट बिगाड़ सकती है।  किसी पुरानी बात को लेकर परिवार में अनबन हो सकती है, धैर्य रखें। आंखों में जलन या अनिद्रा की समस्या हो सकती है। 
आज क्या करें: जरूरतमंदों को फल दान करें। 
आज क्या न करें: रात के समय लंबी यात्रा करने से बचें।

 

कर्क 


आज का दिन लाभ और उन्नति के नए द्वार खोलेगा। व्यापार में विस्तार के योग हैं। बड़े भाई या वरिष्ठ अधिकारी का मार्गदर्शन बहुत काम आएगा। पिछले निवेशों से आज अच्छा रिटर्न मिल सकता है। मित्रों के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन ठंडी चीजों से परहेज करें। 
आज क्या करें: शिव चालीसा का पाठ करें। 
आज क्या न करें: क्रोध में आकर किसी का अपमान न करें।

 

यह भी पढ़ें: नवरात्रि में मां कुष्मांडा की बरसेगी कृपा, कैसा रहेगा दिन? पढ़ें राशिफल

सिंह 


कार्यक्षेत्र में आज आपकी धाक जमेगी। नई नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को सफलता मिल सकती है। अधिकारियों से प्रशंसा मिलेगी। पैतृक संपत्ति से लाभ होने की संभावना है। आर्थिक स्थिति संतोषजनक रहेगी।  माता-पिता के साथ संबंधों में मधुरता आएगी। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। काम के दबाव के कारण मानसिक थकान हो सकती है। 
आज क्या करें: सूर्य को जल का अर्घ्य दें। 
आज क्या न करें: काम को कल पर न टालें।

 

कन्या 


आज भाग्य का भरपूर साथ मिलने वाला है। उच्च शिक्षा से जुड़े छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए दिन सफल रहेगा। लंबी व्यावसायिक यात्रा के योग हैं। धर्म-कर्म के कार्यों पर खर्च होगा। भाग्यवश धन की प्राप्ति हो सकती है। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थल की यात्रा पर जा सकते हैं। रिश्तों में विश्वास बढ़ेगा।  पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। योग का अभ्यास लाभकारी होगा। 
आज क्या करें: गणेश जी को दूर्वा अर्पित करें। 
आज क्या न करें: जोखिम भरे निवेश से दूर रहें।

 

तुला 


आज आपको सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। कार्यस्थल पर किसी साजिश का शिकार होने से बचें। काम में एकाग्रता बनाए रखें। धन हानि के संकेत हैं, लॉटरी या जुए से बिल्कुल दूर रहें। ससुराल पक्ष से कुछ तनाव मिल सकता है। वाणी पर नियंत्रण रखना अनिवार्य है। वाहन चलाते समय सतर्क रहें। जोड़ों में दर्द की समस्या हो सकती है।
 आज क्या करें: महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें। 
आज क्या न करें: आज कोई नया काम शुरू न करें।

 

वृश्चिक 


साझेदारी के कार्यों में आज बड़ी सफलता मिल सकती है। व्यापारिक साझेदारों के साथ संबंध सुधरेंगे। नए अनुबंध मिलने की संभावना है। आय के नए स्रोत बनेंगे। जीवनसाथी के सहयोग से धन लाभ होगा। दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी। अविवाहितों के लिए विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन बाहर के खाने से परहेज करें। 
आज क्या करें: हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
आज क्या न करें: दूसरों की निजी बातों में दखल न दें।

 

धनु 


आज आप शत्रुओं पर भारी पड़ेंगे और चुनौतियों को पार करेंगे। नौकरी पेशा व्यक्ति को मेहनत का उचित फल मिलेगा। अटके हुए कानूनी मामले सुलझ सकते हैं। खर्चों पर नियंत्रण रखने में सफल होंगे। बजट संतुलित रहेगा। ननिहाल पक्ष से सहयोग मिलेगा। घर का माहौल अनुशासित रहेगा। मौसमी बीमारियों से सावधान रहें। पेट से संबंधित परेशानी हो सकती है। 
आज क्या करें: माथे पर केसर का तिलक लगाएं।
 आज क्या न करें: आज कर्ज लेने या देने से बचें।

 

मकर 


रचनात्मकता और बुद्धिमत्ता के लिए आज का दिन शानदार है। जो लोग कला, लेखन या तकनीकी शिक्षा से जुड़े हैं, उन्हें ख्याति मिलेगी। पदोन्नति संभव है। आकस्मिक धन लाभ के योग हैं। शेयर मार्केट से फायदा हो सकता है। प्रेम संबंधों में प्रगाढ़ता आएगी। संतान की उन्नति से मन प्रसन्न रहेगा। मानसिक रूप से बहुत शांति महसूस करेंगे। ताजगी बनी रहेगी।
 आज क्या करें: भगवान विष्णु की पूजा करें। 
आज क्या न करें: अपनी योजनाओं को गुप्त रखें, दिखावा न करें।

 

कुंभ


आज भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि का दिन है। रियल एस्टेट या भूमि से जुड़े कार्यों में लाभ होगा। ऑफिस में काम का बोझ बढ़ सकता है। घर की साज-सज्जा पर खर्च कर सकते हैं। आर्थिक स्थिति स्थिर रहेगी। माता का पूरा सहयोग और आशीर्वाद मिलेगा। घर में किसी अतिथि का आगमन हो सकता है। हृदय या फेफड़ों से संबंधित समस्या हो तो सावधानी बरतें।
 आज क्या करें: शनि देव के समक्ष सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
 आज क्या न करें: घर में कलह का माहौल न बनने दें।

 

मीन 


पराक्रम और पुरुषार्थ में वृद्धि का दिन है। संचार और मार्केटिंग से जुड़े लोगों को कोई बड़ी डील मिल सकती है। छोटी यात्राएं लाभकारी रहेंगी। मेहनत का फल मीठा होगा। छोटे भाई-बहनों से आर्थिक मदद मिल सकती है। भाइयों के साथ पुराने मतभेद सुलझेंगे। पड़ोसियों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। गले या कंधों में दर्द हो सकता है। शारीरिक रूप से सक्रिय रहें। 
आज क्या करें: शिव पंचाक्षर स्तोत्र का पाठ करें।
 आज क्या न करें: आज आलस्य को अपने करीब न आने दें।

 

नोट: यह राशिफल सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है। अपनी मेहनत पर भरोसा रखें और सकारात्मकता के साथ दिन का आनंद लें।

 

 

‘मैं या आयतुल्लाह कंट्रोल करेंगे होर्मुज…’, ईरान पर यह कैसा दावा कर रहे ट्रंप?


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जल्द ही सबके लिए खुल जाएगा। उन्होंने इशारा किया कि होर्मुज पर नियंत्रण या तो अमेरिका का होगा या आयतुल्ला का। उनके बयान से एक बार फिर यह अटकलें लगाई जा रहीं हैं कि अमेरिका, होर्मुज कंट्रोल करने की कोशिश में जुट गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने यह शारा किया है कि अब होर्मुज पर ईरान और अमेरिका का संयुक्त नियंत्रण होगा। 

डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि अमेरिका पर ईरान, हवाई हमले रोक रहा है। ईरान को 5 दिनों की मोहलत दी जा रही है। ट्रंप का मानना है कि ईरान के साथ उनकी सार्थक बातचीत हो रही है। ईरान का कहना है कि ऐसी कोई बातचीत अमेरिका के साथ नहीं हो रही है। 

यह भी पढ़ें: अमेरिका से जंग मुनाफे का सौदा? होर्मुज से तगड़ी कमाई कर रहा ईरान

कौन कंट्रोल करेगा होर्मुज?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ चल रही बातचीत सफल रही तो स्ट्रेट ऑफ हार्मुज जल्द ही खुल जाएगा। होर्मुज को संयुक्त रूप से नियंत्रित किया जाएगा। फ्लोरिडा में पत्रकारों ने सवाल किया कि होर्मुज पर किसका नियंत्रण होगा। ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘शायद मैं। शायद मैं और आयातोल्लाह, जो भी अगला आयातोल्लाह हो।’

 

 

ईरान-अमेरिका की दोस्ती हो सकती है?

28 फरवरी को अमेरिका ने ईरान पर हमला किया। सुप्रीम लीडर आयतुल्ला खामेनेई मारे गए। ईरान ने गुस्से में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद कर दिया। यहीं से दुनिया का 20 फीसदी तेल गुजरता है। अब दुनिया में ऊर्जा संकट पैदा हो गया है। मार्च 18 को इजराइल ने ईरान के दक्षिण पार्स गैस फील्ड पर हमला किया। अब ईरान ने कतर के रास लफ्फान को निशाना बना दिया। यह दुनिया का सबसे बड़े एलएनजी प्लांट है। न जंग ईरान रोक रहा है, न इजरायल। डोनाल्ड ट्रंप के किसी एलान पर ईरान को भरोसा नहीं है। 

यह भी पढ़ें: होर्मुज पर गहराते संकट के बीच भारत तैयारी में, पीएम मोदी ने की हाई-लेवल मीटिंग

जंग में अब तक क्या हुआ है?

अमेरिका, इजरायल और ईरान की जंग में  2,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। तेल की कीमतें बेतहाशा बढ़ रहीं हैं। महंगाई और मंदी दस्तक दे सकती है। डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि हार्मुज पूरी तरह खोल दे, वरना उसके पावर प्लांट तबाह कर दिए जाएंगे। सोमवार को डोनाल्ड ट्रंप ने इस डेडलाइन को पांच दिन बढ़ा दिया और कहा कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि ईरान में अब नेतृत्व परिवर्तन होगा। 

यह भी पढ़ें: होर्मुज के लिए ईरान को अंधेरे में डुबो देंगे ट्रंप? इनसाइड स्टोरी

होर्मुज छेड़ा तो क्या-क्या होगा?

ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका उसके पावर नेटवर्क पर हमला करता है तो वह इजरायल और खाड़ी में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बातचीत में कुछ बड़े ईरानी अधिकारी शामिल हैं।

देर रात दिल्ली में भयंकर हादसा, करोल बाग में पटली डबल-डेकर बस, 2 की मौत कई घायल


देश की राजधानी दिल्ली के करोल बाग में मंगलवार देर रात एक हादसा हो गया। करोल बाग के  झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक इंटर स्टेट टूरिस्ट डबल डेकर बस ने अचानक कंट्रोल खो दिया और पलट गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बस में करीब 25 यात्री सवार थे।  इस हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री बुरी तरह घायल हैं।

 

जानकारी के अनुसार, यह बस झंडेवालान हनुमान मंदिर के पास  मेट्रो लाइन के नीचे पलटी है। हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस में सवार यात्री बुरी तरह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देकर तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर ही घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली नहीं बल्कि UP का यह शहर है दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर, पूरी लिस्ट देखिए

देर रात हुआ हादसा

न्यूज एजेंसी एएनआई ने दिल्ली फायर सर्विस के हवाले से बताया है कि राजस्थान की एक बस हनुमान मंदिर चौक के पास पलट गई। फायर सर्विस को रात 1 बजकर 8 मिटन पर इस घटना की सूचना मिली। बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। कुछ यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।

क्रेन की मदद से सीधी की बस

बस पलटने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को इस हादसे की जानकारी दी। घटना की खबर पाकर मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा किया गया। इसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज जारी है। घायलों और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

 

यह भी पढ़ें: सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, गंगाराम में एडमिट, अब कैसा है हाल?

तेज रफ्तार की वजह से हुआ हादसा

देर रात हुए इस हादसे की अब जांच चल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हादसे की वजह तेज रफ्तार हो सकती है। जब तेज स्पीड में यह बस करोल बाग में मेट्रो लाइन के नीचे पहुंची तो  बेकाबू होकर पलट गई। इस दौरान, बस में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को मॉर्चरी में भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद बॉडी को उनके परिजनों को भेजा जाएगा। 

गर्मी में मुंहासों से हैं परेशान, बेदाग और निखरी त्वचा के लिए फॉलो करें ये रूटीन


गर्मी के मौसम में त्वचा संबंधी परेशानियां बढ़ जाती है। सूरज की हानिकारक किरणें, धूल, प्रदूषण और पसीने की वजह से टेनिंग और मुंहासों की समस्या बढ़ जाती है। इस मौसम में सबसे ज्यादा वे लोग परेशान रहते हैं जिनकी ऑयली स्किन होती है। ऐसे में त्वचा का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। 

 

अगर आप भी गर्मी में इन समस्याओं से परेशान रहते हैं तो हम आपको 7 स्टेप्स का स्किन केयर रूटीन बता रहे हैं जिसकी मदद से दमकती त्वचा पा सकते हैं। आइए बिना देर किए उन

टिप्स के बारे में जानते हैं।

 

यह भी पढ़ें: वैसलीन से पाएं चमकती ग्लोइंग स्किन, जानिए क्या स्लगिंग स्किन केयर रूटीन?

गर्मी में फॉलो करें ये स्किन केयर रूटीन

सनस्क्रीन जरूर लगाएं

 

गर्मी में धूप की वजह से दाग-धब्बे की समस्या बढ़ जाती है। सूरज से निकलने वाली हानिकारक किरणें त्वचा के लिए हानिकारक होती है। सनस्क्रीन सूरज की हानिकारक किरणों से बचाने का काम करता है। साथ ही दाग-धब्बे की समस्या को कम करता है।

 

हाइड्रेटेड रहे
 
गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी सबसे ज्यादा होती है। इस मौसम में त्वचा को हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी होता है। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। साथ ही वॉटर बेस्ड मॉश्चराइजर का इस्तेमाल करें। गर्मी के मौसमे में हैवी म़ॉश्चराइजर लगाने की बचना चाहिए।

 

ओवर क्लीजिंग से बचें

 

गर्मी के मौसम में ज्यादातर लोग तेल और पसीने को साफ करने के लिए बार-बार फेशवॉस से चेहरा धोते हैं। ओवर क्लीजिंग की वजह से त्वचा में ऑयल का प्रोडक्शन बढ़ जाता है।

 

आराम से एक्सफोलिएट करें

 

हफ्ते में एक या दो बार एक्सफोलिएशन करें। एक्सफोलिएशन त्वचा के डेड सेल्स को हटाने का काम करता है। 

 

यह भी पढ़ें: दिमाग को सुन्न कर दे रहा है रील देखने का चस्का, हैरान कर देगी यह स्टडी

 

एंटीऑक्सीडेंट को शामिल करें

 

अपने स्किन केयर रूटीन में विटामिन सी वाली चीजों को शामिल करें। ये चीजें एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर होती है। अगर आप इस चीज को सुबह में इस्तेमाल करते हैं तो ये सिर्फ प्रदूषण से ही नहीं बचता है बल्कि सूरज की हानिकारक किरणों से भी सुरक्षित रखता है।

 

हैवी मेकअप से बचें

 

गर्मी में धूल, धूप और पसीना आने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे मौसम में हैवी मेकअप से बचना चाहिए। हैवी मेकअप धूप और पसीने के साथ मिल जाता है जिसकी वजह से मुंहासे होने का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में लाइट मेकअप करना ज्यादा फायदेमंद होता है।