Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश पराली जलाने पर होगी कार्यवाही, लगेगा अर्थदण्ड-उप कृषि निदेशक

पराली जलाने पर होगी कार्यवाही, लगेगा अर्थदण्ड-उप कृषि निदेशक

श्रावस्ती। उप कृषि निदेशक रामाश्रय यादव ने बताया है कि वर्तमान में धान की कटाई का कार्य किया जा रहा है। कृषक भाई कम्बाईन से धान की कटाई करवाते हैं और पराली को बेकार समझ कर जला देते हैं, किन्तु ऐसा करने से मृदा में उपस्थित मित्र कीट जलकर नष्ट हो जाते हैं। धीरे-धीरे मृदा की उर्वराशक्ति क्षीण होती जाती है। कृषक भाईयों को पराली जलाने से रोकने के लिए मा० हरित अधिकरण नई दिल्ली के आदेशानुसार निम्नवत् अर्थदण्ड रोपित करने का प्राविधान किया गया है। जिसके तहत कृषि भूमि का क्षेत्रफल 02 एकड़ से कम होने की दशा में अर्थ दण्ड रू0 5000/- प्रति घटना, कृषि भूमि का क्षेत्रफल 02 एकड़ से अधिक किन्तु 05 एकड़ तक होने की दशा में अर्थ दण्ड रू० 10000/- प्रति घटना, कृषि भूमि का क्षेत्रफल 05 एकड़ से अधिक होने की दशा में अर्थ दण्ड रू० 30000/-प्रति घटना, प्रदेश में फसलों की कटाई में कम्बाईन हार्वेस्टिंग विद् एस०एम०एस० अथवा स्ट्रारीपर का प्रयोग अनिवार्य कर दिया गया है। बिना एस०एम०एस० मशीन के कम्बाईन मशीन प्रयोग करने वाले मालिकों के विरूद्ध सिविल दायित्व भी निर्धारित किये जायेंगे।
पराली से जल्दी खाद बनाये जाने हेतु जनपद में वेस्ट डी-कम्पोजर का वितरण किया जायेगा। इसकी मदद से किसान भाई घोल बनाकर पराली के ढेर पर छिड़क दें तो दो सप्ताह में उत्तम किस्म की जैविक खाद बनकर तैयार हो जाती है। फसल अवशेष जलाने की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से ‘‘पराली दो खाद लो’’ अभियान चलाकर अधिक मात्रा में पराली गौशाला में पहुंचाकर खाद प्राप्त की जा रही है।
जनपद में फसल अवशेष को जलाने से होने वाले दुष्परिणामों से कृषकों को जागरूक करने हेतु जिलाधिकारी कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, तहसीलों, विकास खण्ड कार्यालय, कृषि मण्डी, पेट्रोल पम्पों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 24 परमानेन्ट होर्डिंग लगवायी गयी हैं। उन क्षेत्रों में जहां धान का क्षेत्रफल ज्यादा है तथा जहां फसल अवशेष जलाने की सम्भावनायें अधिक हैं। वहां कृषकों के बीच प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से जनपद में कुल 155 स्थानों पर वाल पेन्टिंग करायी गयी है। फसल अवशेष को जलाने से होने वाले दुष्परिणामों से कृषकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकास खण्डों एवं ग्रामों में 05 प्रचार वाहन भ्रमणशील कराकर जागरूक किया गया है।