पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत: 1 नवंबर से देश में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान की शुरुआत

0
2

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा कि एक नवंबर से देशभर के 2,000 शहरों और जिलों में राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) अभियान चलाया जाएगा। यह अब तक का सबसे बड़ा डीएलसी अभियान है।

पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनभोगियों को हर साल लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) जमा करना होता है। डीएलसी के जरिए जीवन प्रमाण नाम की बायोमीट्रिक-आधारित डिजिटल सेवा का इस्तेमाल करके यह प्रक्रिया डिजिटल तरीके से पूरी की जा सकती है।

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग एक से 30 नवंबर 2026 तक पूरे देश के 2,000 शहरों/जिलों में 5वां राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान आयोजित करेगा। देश के सबसे दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले पेंशनभोगियों तक पहुंचने के लिए सरकार एक व्यापक रणनीति अपनाएगी।

इसके लिए पेंशन बांटने वाले बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पेंशनभोगी कल्याण संघों, रक्षा लेखा महानियंत्रक, दूरसंचार विभाग, रेलवे, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, राज्य सरकारों, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण और इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के साथ मिलकर काम किया जाएगा।

अभियान का मुख्य जोर फेस आथेंटिकेशन तकनीक को बढ़ावा देने पर है। इसे एंड्रायड और आइओएस दोनों तरह के डिवाइस पर इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे पेंशनभोगियों के लिए यह प्रक्रिया काफी सुविधाजनक हो जाती है।

सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here