Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश वंदे भारत के यात्रियों को झटका, खाने की थाली से गायब होंगे...

वंदे भारत के यात्रियों को झटका, खाने की थाली से गायब होंगे कई आइटम

नई दिल्ली। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खानपान की व्यवस्था में बदलाव किया गया है और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में परोसे जाने वाले भोजन के मेन्यू को सीमित कर दिया गया है। नए मेन्यू में नाश्ते से सूप, अंडे का ऑमलेट, सैंडविच, छाछ और चॉकलेट जैसे कई विकल्प हटा दिए गए हैं। इसके अलावा दोपहर और रात के भोजन में सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसे आइटम भी अब नहीं मिलेंगे। नाश्ते में अब इडली-वड़ा, पोहा या उपमा जैसे तीन विकल्प उपलब्ध होंगे, जबकि मुख्य भोजन में रोटी, चावल, दाल और एक मुख्य व्यंजन (शाकाहारी या मांसाहारी) शामिल रहेगा।

घटा कुल वजन, दामों में कटौती नहीं

हालांकि, किसी भी व्यक्तिगत व्यंजन की मात्रा में कमी नहीं की गई है, लेकिन विकल्प कम होने से कुल वजन घट गया है। पहले एक मील का कुल वजन 700 से 750 ग्राम होता था, जो अब लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है। आइटम और कुल वजन कम होने के बावजूद किराए या भोजन के दामों में कोई कटौती नहीं की गई है। इसका उद्देश्य भोजन की गुणवत्ता सुधारना और यात्रियों की शिकायतों को घटाना बताया गया है।

तीन रूटों पर पायलट प्रोजेक्ट और क्लाउड किचन की भागीदारी

नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को नाश्ते, दोपहर और रात के भोजन में पहले के मुकाबले कम विकल्प मिलेंगे। यह बदलाव 1 नवंबर से तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेन रूटों पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया गया है। एयरलाइंस की तर्ज पर संक्षिप्त मेन्यू रखने से प्रत्येक व्यंजन की गुणवत्ता पर बेहतर निगरानी और स्वच्छता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल इसका परीक्षण मुंबई-बेंगलुरु, हावड़ा-कामाख्या और नई दिल्ली-वाराणसी जंक्शन रूट पर किया जा रहा है। इस योजना के तहत भोजन तैयार करने का काम पारंपरिक वेंडरों के बजाय मेफेयर ग्रुप, ताजसैट्स और सरोवर पोर्टिको ग्रुप जैसी क्लाउड किचन कंपनियों को सौंपा गया है।

शिकायतों में कमी और आगे विस्तार की संभावना

क्लाउड किचन से भोजन आपूर्ति शुरू होने के बाद खाने से जुड़ी शिकायतों में लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। हाल के समय में वंदे भारत समेत अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में खाने में कीड़े निकलने और फूड पॉइजनिंग जैसी शिकायतें सामने आई थीं। यात्रियों की प्रतिक्रिया की समीक्षा की जा रही है और इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के आधार पर सीमित मेन्यू की व्यवस्था को अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों में भी लागू किया जा सकता है।

(function(d, s, id) { var js, fjs = d.getElementsByTagName(s)[0]; if (d.getElementById(id)) return; js = d.createElement(s); js.id = id; js.src = “//connect.facebook.net/en_US/sdk.js#xfbml=1”; fjs.parentNode.insertBefore(js, fjs); }(document, ‘script’, ‘facebook-jssdk’));