जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अगर विदेशी खाते में 20 लाख रुपये से कम की राशि है और पिछले वित्त वर्ष में इस सीमा के पार नहीं गई है तो इनकम टैक्स रिटर्न में इस खाते की घोषणा करने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, इसके साथ एक शर्त यह है कि जो राशि खाते में जमा है, उसके स्रोत को आपने पहले से बता रखा है। अगर खाते में जमा राशि का स्रोत नहीं बताया गया है तो फिर उसकी जानकारी इनकम टैक्स विभाग को देनी होगी। ऐसा नहीं करने वालों पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
एक डॉलर का मूल्य 94.65 रुपये
इनकम टैक्स विभाग की तरफ से विदेशी संपदा की घोषणा से संबंधित प्रश्नोत्तर में इस बात की जानकारी दी गई है। विदेशी खाते में जमा राशि की गणना के लिए एक डॉलर का मूल्य 94.65 रुपये तय किया गया है। खाते के साथ विदेशी बाजार से खरीदे गए शेयर आदि पर भी समान नियम लागू होगा।
अगर विदेशी खाता ज्वाइंट है तो अलग-अलग व्यक्ति की अलग-अलग जिम्मेदारी होगी। खरीदे गए शेयर में पहले से यह तय है कि किस व्यक्ति की कितनी हिस्सेदारी है तो उसके मुताबिक इनकम टैक्स रिटर्न भरना होगा।
विभाग के मुताबिक अगर विदेश में जमा राशि, शेयर या म्युचुअल फंड की खरीदारी घोषित माध्यम से की गई है और व्यक्ति अपने आयकर रिटर्न में उसे बताना भूल जाता है तो उसे सिर्फ एक लाख रुपये का जुर्माना देना होगा। लेकिन यह नियम तभी लागू होगा जब तमाम विदेशी संपत्ति का मूल्य पांच करोड़ रुपये से अधिक नहीं हो।












