डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट ने चार देशों के कर्मचारियों के लिए एक विशेष ऑफर निकाला है। इस ऑफर के तहत करीब 60,000 कर्मचारी अपनी मर्जी से नौकरी छोड़ सकते हैं। ये संख्या माइक्रोसॉफ्ट के वैश्विक कर्मचारियों की एक चौथाई से भी ज्यादा है।
माइक्रोसॉफ्ट एक टेक्नोलॉजी कंपनी है। कंपनी का यह कदम लागत कम करने और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) में किए जा रहे भारी निवेश के लिए फंड जुटाने की कोशिशों का हिस्सा है।
क्या है माइक्रोसॉफ्ट का ‘वॉलंटरी एग्जिट ऑफर’ (VEO)?
माइक्रोसॉफ्ट ने ‘वॉलंटरी एग्जिट ऑफर’ (VEO) को सोमवार को अपने कर्मचारियों को भेजा। पात्र कर्मचारियों को कुछ ही घंटों में ईमेल के जरिए पूरी जानकारी मिल गई।
चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में कहा कि जो लोग माइक्रोसॉफ्ट के बाहर अपना भविष्य देख रहे हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका है कि वे अभी जरूरी मदद के साथ कंपनी छोड़ सकें।
कंपनी के इस ऑफर के तहत पात्र कर्मचारी वित्तीय सहायता और करियर-प्लानिंग संसाधनों के साथ स्वेच्छा से कंपनी छोड़ सकते हैं।
भारत समेत चार देशों के लिए ये ऑफर
माइक्रोसॉफ्ट का कंपनी छोड़ने वाला यह ऑफर चार देशों में उपलब्ध है- भारत, कनाडा, यूके और अमेरिका। इस देशों में शामिल टीमों के लेवल 70 और उससे नीचे के स्तर के कर्मचारी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
हालांकि माइक्रोसॉफ्ट ने यह नहीं बताया है कि भारत में कितने कर्मचारी इसके लिए पात्र हैं। यह ऑफर अलग-अलग टीमों पर निर्भर करता है।
ऑफर में कौन शामिल और कौन नहीं?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि पात्र कर्मचारियों में वे लोग शामिल हो सकते हैं जो AI एक्सपीरियंस, कोपायलट (Copilot), फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स, एक्सबॉक्स (Xbox) और विंडोज + डिवाइसेस (Windows + Devices) जैसे विभागों में काम कर रहे हैं।
सूत्र ने एजेंसी को बताया कि मार्केटिंग, कमर्शियल बिजनेस और सिक्योरिटी यूनिट्स इस ऑफर का हिस्सा नहीं होंगे।
कंपनी छोड़ने पर मिलेंगे कितने पैसे?
माइक्रोसॉफ्ट ने VEO के तहत कंपनी छोड़ने पर कर्मचारियों को दी जाने वाली वाली राशि का खुलासा नहीं किया है। लेकिन देखा जाए तो इस साल की शुरुआत में भी अमेरिका में कर्मचारियों के लिए ‘वॉलंटरी रिटायरमेंट प्रोग्राम’ लाया गया था।
इस प्रोग्राम के तहत पात्र कर्मचारियों को उनके पद (लेवल) और काम की अवधि के आधार पर 8 से 39 सप्ताह की बेसिक सैलरी दी गई थी। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि नए ऑफर में भी यही फॉर्मूला अपनाया जाएगा या भारत में कर्मचारियों के लिए क्या शर्तें लागू होंगी।
AI के लिए लोगों को कंपनी छोड़ने का ऑफर
इस साल की शुरुआत में, कंपनी ने अमेरिका में अपने लगभग 7% कर्मचारियों (करीब 9,000 लोगों) को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया था।
जुलाई में, कंपनी ने 4,800 नौकरियों में कटौती की घोषणा की, जो उसके वैश्विक कार्यबल का लगभग 2.1% है। इस दौरान कंपनी ने अपने एक्सबॉक्स (Xbox) गेमिंग कारोबार में बड़े बदलाव किए और पांच स्टूडियो तक को बेच दिया।
माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों में, जो इस साल अब तक लगभग 10% की बढ़त दिखा चुके हैं, सोमवार को करीब 1% की तेजी आई।
यह भी पढ़ें- माइक्रोसॉफ्ट के 60 हजार कर्मचारियों की जाएगी नौकरी? कंपनी ने की पेशकश, AI में भारी निवेश का टारगेट
