पहले किडनैप किया, फिर रेप…, लंदन में भारतीय को 34 साल की सजा

0
3

ब्रिटेन के लंदन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कोर्ट ने भारतीय मूल के नागरिक को गंभीर आरोपों में 34 साल की सजा सुनाई है। भारतीय मूल के इस नागरिक पर एक महिला का अपहरण कर उसके साथ रेप करने का आरोप था। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला को थाईलैंड से लंदन लेकर आया था। लंदन में उसका अपहरण किया गया और फिर उसके साथ रेप किया गया। इस घटना के बाद महिला गहरे सदमे में चली गई थी, जिसके कारण कई दिन बीत जाने के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

 

यह मामला लंदन के आइलवर्थ क्राउन कोर्ट में चल रहा था, जहां फरवरी में आरोपी गगनदीप सिंह को दोषी पाया गया था। इसके बाद 12 जून को कोर्ट ने गगनदीप को 34 साल की सजा सुनाई। बताया गया कि गगनदीप ने पीड़िता को लंदन बुलाया था और उसके वहां पहुंचने के बाद उसे जबरन एक घर में कैद करके रखा था। आरोपी ने न सिर्फ उसके साथ रेप किया बल्कि उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिकी बैंकों को लगा देता 950 करोड़ का चूना, कौन है महेंद्र मखीजानी?

क्या है पूरा मामला?

 

पीड़िता के मुताबिक, गगनदीप सिंह ने जून 2024 में उसे ब्रिटेन आने के लिए कहा था। इस दौरान गगनदीप ने उससे कहा था कि वह उसे सूटकेस में छिपाकर ले जाएगा। यह सुनकर पीड़िता को शक हुआ था, जिसके बाद वह अकेले ही लंदन पहुंची थी। जब पीड़िता बर्मिंघम हवाई अड्डे पर पहुंची, तो कुछ नकाबपोश लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।

 

गगनदीप पीड़िता को लंदन के हैनवेल स्थित एक घर में ले गया, जहां उसके साथ रेप किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे कई बार घूंसे मारे और उसके कपड़े भी जला दिए। साथ ही उसे धमकियां भी दी गईं। बाद में उसे जाने दिया गया। इसके बाद हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका में सुरक्षित नहीं भारतीय? पिज्जा ऑर्डर किया फिर डिलीवरी बॉय को गोली मारी

इस पर पुलिस ने क्या कहा?

 

इस मामले पर डिटेक्टिव कॉन्स्टेबल सीतारा अब्दुल ने कहा कि पीड़िता ने जिस प्रकार की क्रूरता का सामना किया, उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसी वजह से वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से डर रही थी। हालांकि, पीड़िता की मां ने उसका पूरा साथ दिया, जिसके कारण वह अपनी आपबीती पुलिस को बता पाई।

 

पीड़िता ने घटना के बाद कहा, ‘मैं कभी पुलिस को इस घटना के बारे में नहीं बताना चाहती थी, क्योंकि वह मेरे लिए बेहद डरावना अनुभव था। उसे याद करके भी मैं डर जाती थी। मुझे लगता था कि अगर मैं इस घटना के बारे में बताऊंगी, तो खुद को और अपने आसपास के लोगों को खतरे में डाल सकती हूं।’ मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने इस मामले की गंभीरता से जांच की, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here