
देश के कई राज्यों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल रहीं हैं। मौसम में आए अचानक बदलाव की वजह से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में रविवार को बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का दौर जारी रहने वाला है।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली में भी हल्की बारिश हो सकती है, तेज गर्मी से राहत जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: आपकी ये 3 आदतें गर्मी में आंखों के लिए है खतरनाक
कहां लू पड़ सकता है?
मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अगले दो दिनों तक कुछ जगहों पर लू पड़ने की संभावना है। विदर्भ में भी आज से 15 जून तक लू का असर रह सकता है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
किन राज्यों में मानसून की दस्तक?
दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों में मानसून पहुंचने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में असम और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में भी कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। 14 और 15 जून को भी गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी, जबकि 16 जून को तापमान थोड़ा बढ़कर 39-41 डिग्री तक जा सकता है।
यह भी पढ़ें: गर्मी में कंफर्ट और स्टाइल के लिए पहनें ये मैक्सी ड्रेस, बार-बार देखेंगे लोग
किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, बिहार और झारखंड में अगले कई दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और छिटपुट बारिश की संभावना है।
केरल, तटीय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में अच्छी बारिश जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: बच्चों को गर्मी से कैसे बचाएं? माता-पिता अपनाएं ये टिप्स
मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है?
मछुआरों को 18 जून तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कुछ हिस्सों में ज्यादा खतरा है। तेज हवाओं और गरज-चमक से पेड़ गिरने, बिजली के खंभों को नुकसान और फसलों को खतरा हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील है कि मौसम अपडेट चेक करते रहें, खुली जगहों पर न जाएं, पेड़ों के नीचे आश्रय न लें और बिजली के सामान को अनप्लग रखें। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है।