स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में काम करने वाले नर्सिंग अधिकारियों और कर्मचारियों ने शनिवार को अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महार्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से जुड़े ओपेक चिकित्सालय कैली में करीब 40 कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। नर्सिंग अधिकारी एवं कर्मचारी महासंघ, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश के सभी 14 स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रदर्शन हुआ। महासंघ के अध्यक्ष शुभम त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर शासन और चिकित्सा शिक्षा महानिदेशालय को ज्ञापन और अनुस्मारक पत्र भेज रहे हैं। अब तक इस पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। शुभम त्रिपाठी के मुताबिक, स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालयों के कर्मचारी भी राजकीय मेडिकल कॉलेजों की तरह 24 घंटे आपातकालीन, आईसीयू और ट्रामा सेवाओं की जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा संबंधी और बुनियादी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने शासन से चार सूत्रीय मांगों का तय समय में निस्तारण करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मरीजों की सुविधा का ध्यान रखा गया। कर्मचारियों ने काम बंद नहीं किया, ताकि वार्ड में भर्ती मरीजों को परेशानी न हो। ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी समेत अन्य चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। कर्मचारियों ने कहा कि उनका मकसद मरीजों को परेशान करना नहीं, बल्कि शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर खींचना है। प्रदर्शन में कुमारी वंदना, अभिषेक सिंह, अशोक मीणा, दुर्गेश शुक्ला, शिवेश, सुष्मिता और नंदिनी मौजूद रहे।