पीटीआई, नई दिल्ली। आईएनडीआईए की एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने जा रही रैली और कुछ संगठनों की ओर से अचानक प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए केंद्र ने दिल्ली में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 270 कंपनियों की तैनाती तीसरी बार बढ़ाकर 16 नवंबर तक कर दी है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
कॉकरोच जनता पार्टी के इस महीने की शुरुआत में हुए प्रदर्शनों के मद्देनजर इन सशस्त्र बलों की टुकड़ियों को दिल्ली लाया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि गृह मंत्रालय ने यह फैसला रविवार को रामलीला मैदान में आईएनडीआईए के प्रदर्शन और रैली, कुछ संगठनों की ओर से अचानक प्रदर्शन की आशंका और त्योहारों के मौजूदा मौसम में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर लिया गया।
इन सीएपीएफ टुकड़ियों को उपलब्ध कराने वाली दिल्ली पुलिस से उनकी तैनाती के समन्वय को कहा गया है। दिल्ली पुलिस के साथ तैनात रहने वाली 270 कंपनियों में सीआरपीएफ की 125 कंपनियां शामिल हैं, जिनमें महिला कर्मियों की 17 इकाइयां हैं।
इसके अलावा आरएएफ की 20, बीएसएफ की 46, आईटीबीपी की 39, एसएसबी की 31 और सीआइएसएफ की 12 कंपनियां हैं। सीएपीएफ की एक कंपनी में स्वीकृत संख्या 100 कर्मियों की होती है, लेकिन प्रभावी परिचालन संख्या करीब 70-72 कर्मियों की रहती है।
