
बलरामपुर के उतरौला में तहसील मुख्यालय को श्रृंगार जोत और आसपास की 10 से ज्यादा ग्राम पंचायतों से जोड़ने वाली मुख्य सड़क खराब हालत में है। महुआ धनी स्थित धनी चौराहा मोड़ पर सड़क के बीच में करीब 3 से 4 फीट गहरा और 6 फीट चौड़ा बड़ा गड्ढा बन गया है। पानी भरने के कारण यह गड्ढा दिखता नहीं है, जिससे रोज हादसे हो रहे हैं। हाल ही में सुबह करीब 8 बजे स्कूली बच्चों को ले जा रहा एक ई-रिक्शा इसी गड्ढे में पलट गया। रिक्शे के नीचे बच्चे दब गए, जिससे मौके पर शोर मच गया। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चों को हल्की चोटें आईं और एक बड़ा हादसा टल गया। समाजसेवी राम बेचन शास्त्री ने कहा कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। इस गड्ढे के कारण बेलवा बिजौरा के व्यापारी ध्रुव केशरवानी की 100 बोरी सीमेंट से लदी ट्रॉली पलट गई। इससे उन्हें 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। महुआ बाजार, बेलवा बिजौरा, महुआ धनी, श्रृंगार जोत, पाली, पाला और मटियरिया कर्मा समेत दर्जनों गांवों के किसान अपनी फसल मंडी तक नहीं ले जा पा रहे हैं। रोज आधा दर्जन से ज्यादा बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। ग्रामीण शौकत अली खां, राजेश यादव और राम कुबेर चौहान ने गुस्सा जताते हुए कहा कि पीडब्ल्यूडी और तहसील प्रशासन को कई बार शिकायत दी गई है। लेकिन सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिले हैं। बरसात के बाद सड़क की हालत बहुत खराब हो गई है। इस मामले पर पीडब्ल्यूडी के संबंधित जेई से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। वहीं, उतरौला के एसडीएम योगेन्द्र शरण शाह ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है। जल्द ही जगह का निरीक्षण कराकर मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।
































