Home देश ‘शुद्धीकरण’ विवाद में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास तक निकलेगा मार्च

‘शुद्धीकरण’ विवाद में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, मुख्यमंत्री आवास तक निकलेगा मार्च

0
0
News Desk

देहरादून: उत्तराखंड में हल्द्वानी स्थित कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धीकरण को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव (कूच) की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार के देहरादून स्थित कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष एवं चकराता से विधायक प्रीतम सिंह ने केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसके खिलाफ कांग्रेस सामाजिक न्याय, जनहित और संविधान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस प्रदर्शन में पूर्ण निष्ठा के साथ शामिल होने की अपील की।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री आवास का यह घेराव केवल एक राजनीतिक प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह संविधान के सम्मान और सामाजिक न्याय की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल का कथित तौर पर शुद्धीकरण करने वालों और इस कृत्य का समर्थन करने वालों के विरुद्ध राज्य सरकार को अविलंब कड़ी कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज कराई गई एफआईआर को लेकर भी राज्य सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।

बैठक में उपस्थित प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि देश के संवैधानिक मूल्यों का अनादर किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस विरोध प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर देहरादून पहुंचने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here