
महराजगंज के मिठौरा ब्लॉक में सिंदुरिया से झनझनपुर जाने वाली मुख्य सड़क की हालत खराब हो गई है। सड़क बने अभी पांच साल भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन जगह-जगह पानी भर गया है। इससे लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। कसमरिया गांव के पास सड़क पर जलभराव की स्थिति है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं की गई, तो यह सड़क जल्द ही पूरी तरह टूट सकती है। यह सड़क जिला मुख्यालय को कई गांवों से जोड़ती है। हर दिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, राहगीर और एंबुलेंस इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क पर जमा पानी और गड्ढों के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर लगभग हर दो किलोमीटर पर पानी भर जाता है। सवाल यह है कि सड़क बनाते समय पानी निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या निर्माण कार्य की गुणवत्ता की ठीक से जांच हुई थी? स्थानीय लोगों ने प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इस मामले की जांच कराने और जलभराव की समस्या को तुरंत ठीक करने की मांग की है। जनता पूछ रही है कि सड़क की इस खराब हालत का जिम्मेदार कौन है और जवाबदेही कब तय होगी?































