
बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक में परिवारपुर से महुलानी को जोड़ने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा रास्ता बहुत खराब हो गया है। सड़क की हालत इतनी बिगड़ गई है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कटाव दिख रहे हैं। पूरी सड़क का डामर उखड़ चुका है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय निवासी राहुल सिंह ने बताया कि यह रास्ता क्षेत्र के लोगों के लिए बहुत जरूरी है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क को ठीक नहीं कराया गया है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ता है। बारिश के बाद सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। राहगीर दिनेश शर्मा ने कहा कि इस रास्ते से आना-जाना अब मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि महुलानी से ओझागंज होते हुए जाना भले ही लंबा हो, लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण इस रास्ते से वापस आने में परेशानी होती है। गड्ढों और टूटे हिस्सों के कारण कभी भी गाड़ी बेकाबू हो सकती है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर कई जगह से कट गई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता लगाना भी मुश्किल होता है। सबसे बड़ी चिंता स्कूली बच्चों को लेकर है, जो हर दिन इसी रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते सड़क को ठीक नहीं कराया गया, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने विभाग और प्रशासन से सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे आना-जाना आसान हो सकेगा और राहगीरों व स्कूली बच्चों को हादसे के खतरे से बचाया जा सकेगा।
Home उत्तर प्रदेश बस्ती में परिवारपुर-महुलानी मार्ग गड्ढों में तब्दील:3 किलोमीटर लंबी सड़क पर जगह-जगह...
































