श्रावस्ती। अमरेन्द्र कुमार वरुण, कमांडेंट 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के दिशा-निर्देशन में संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती प्रेरणा शर्मा की अध्यक्षता में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर बच्चों के मनोरंजन, उत्साहवर्धन एवं उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया।दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती प्रेरणा शर्मा द्वारा आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को चॉकलेट एवं टॉफियाँ वितरित की गईं, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली।इस अवसर पर संदीक्षा अध्यक्षा श्रीमती प्रेरणा शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को जलपान भी कराया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अंदर आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं छिपी हुई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा बाल दिवस को यादगार बनाना रहा। संपूर्ण कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं खुशनुमा वातावरण में संपन्न हुआ।