Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश पीएम मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से की बात, मां के निधन...

पीएम मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से की बात, मां के निधन पर जताया शोक

0
3

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की और उनकी माता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

पीएम के साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत तमाम दिग्गज नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पीएम मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

पीएम मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी माता के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मां का जाना जीवन के सबसे असहनीय आघातों में से एक है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। 

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी उनके निधन को अत्यंत दुखद और हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा, ‘उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।’ उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई और ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, तथा राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में संबल (शक्ति) मिलने की प्रार्थना की।

सुबह 10:45 बजे ली अंतिम सांस

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक स्थानीय लोगों ने बताया कि सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे पंचूर गांव में अंतिम सांस ली।

पंचूर ग्राम सभा के एक सदस्य ने बताया कि वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और बढ़ती उम्र के कारण केवल अपने परिवार के सदस्यों को ही पहचान पाती थीं। पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि स्थानीय प्रशासन परिवार के संपर्क में है।

सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मिली खबर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपनी माता के निधन की सूचना तब मिली, जब वह उत्तर प्रदेश में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे।

दिन में उनके दो अन्य आधिकारिक कार्यक्रम पहले से तय हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में बने रहेंगे।

हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुख्यमंत्री अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तराखंड जाएंगे या नहीं। बता दें साल 2020 में जब उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था, तब कोविड-19 लॉकडाउन और मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की जिम्मेदारियों के कारण योगी आदित्यनाथ उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।

शनिवार को फूल चट्टी घाट पर अंतिम संस्कार की संभावना

पंचूर ग्राम सभा के सदस्य जी.सी. बडोला ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया, ‘उनके एक बेटे कोटद्वार में तैनात हैं और शुक्रवार शाम तक गांव पहुंच जाएंगे।

शनिवार को गांव के पास फूल चट्टी घाट पर अंतिम संस्कार होने की संभावना है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का भी अंतिम संस्कार किया गया था।’

यह भी पढ़ें- सीएम धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया