Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश पाकिस्तान फिर बेनकाब, भारत दौरे पर आए मुसादिक मलिक का स्वागत न...

पाकिस्तान फिर बेनकाब, भारत दौरे पर आए मुसादिक मलिक का स्वागत न करने का दावा निकला झूठा

0
0

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तानी थिंक टैंक के एक विश्लेषक ने दावा किया था कि नई दिल्ली पहुंचने पर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक का स्वागत करने के लिए कोई भी भारतीय अधिकारी मौजूद नहीं था। वहीं, न्यूज एजेंसी एएनआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से इस दावे का खंडन किया है।

खुर्रम अब्बास ने आरोप लगाया कि भारत ने मलिक का उस तरह से आधिकारिक स्वागत नहीं किया, जैसा कि आमतौर पर किया जाता है। मलिक गुरुवार को पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे।

‘स्वागत के लिए किसी अधिकारी को नहीं भेजा’

अब्बास ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया, “एससीओ बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक के स्वागत के लिए भारत ने किसी अधिकारी को नहीं भेजा, जो कि शिष्टाचार के खिलाफ है। उनका स्वागत पाकिस्तानी CdA (चार्ज डी अफेयर्स) ने किया। 2023 और मई 2025 के टकराव के बाद से भारत आने वाले वे पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।”

हालांकि, समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि स्वागत प्रोटोकॉल के तहत मलिक की अगवानी के लिए केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के एक निदेशक और विदेश मंत्रालय (MEA) के पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान (PAI) प्रभाग के एक अवर सचिव (अंडर सेक्रेटरी) हवाई अड्डे पर मौजूद थे। सूत्रों ने यह भी स्पष्ट किया कि नई दिल्ली आने वाले सभी एससीओ सदस्य देशों को इसी तरह का प्रोटोकॉल दिया जा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री का पहला दौरा

मलिक का यह दौरा काफी अहम है, क्योंकि वे पिछले तीन सालों में भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं। साथ ही मई 2025 में दोनों परमाणु-सक्षम देशों के बीच हुए सैन्य टकराव के बाद से यह पहला मौका है जब कोई पाकिस्तानी मंत्री भारत आया है। यह टकराव पहलगाम आतंकी हमले के बाद हुआ था, जिसमें पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर में 26 लोगों की जान ले ली थी।

किसी पाकिस्तानी राजनीतिक नेता की पिछली हाई-प्रोफाइल यात्रा 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की थी।

पाकिस्तानी मंत्री भारत क्यों आए हैं?

मलिक 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले पहले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के सत्रों में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली में हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, मलिक इस फोरम में इस्लामाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभ्यताओं के बीच संवाद के महत्व तथा कूटनीति में इसकी भूमिका पर पाकिस्तान का नजरिया पेश करेंगे।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्री अपने संबोधन में एससीओ में पाकिस्तान की रचनात्मक भूमिका के साथ-साथ देश की विविध सभ्यतागत और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डालेंगे। बयान में कहा गया है, “इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी शंघाई स्पिरिट के अनुरूप बातचीत, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देने में एक सक्रिय देश के रूप में उसके योगदान को दर्शाती है।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि एससीओ सदस्य देशों सहित कई देशों को इस कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली इस संवाद की मेजबानी करने के लिए उत्सुक है।