Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश जब थुंबा से उड़ा था भारत का पहला रॉकेट ‘नाइकी-अपाचे’, जानें कैसे...

जब थुंबा से उड़ा था भारत का पहला रॉकेट ‘नाइकी-अपाचे’, जानें कैसे हुई थी भारतीय अंतरिक्ष युग की शुरुआत?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज भारत चंद्रयान और मंगलयान जैसे ऐतिहासिक मिशनों के दम पर दुनिया की प्रमुख अंतरिक्ष महाशक्तियों में गिना जाता है। लेकिन इस सुनहरे सफर की शुरुआत 21 नवंबर 1963 को केरल के तिरुवनंतपुरम के पास स्थित एक छोटे से तटीय गांव थुंबा से हुई थी।

उस दिन एक पतले से अमेरिकी रॉकेट ने आसमान की ओर उड़ान भरी थी। न तो इसमें कोई सैटेलाइट था और न ही यह पृथ्वी की कक्षा तक गया, फिर भी इसने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की नींव रख दी।

आइए भारत के इस ऐतिहासिक सफर पर एक नजर डालतें हैं….

एकदम नया था थुंबा का लॉन्चिंग स्टेशन

दिलचस्प बात यह है कि जिस समय इसकी लॉन्चिंग हुई थी, उस समय ‘थुंबा इक्वेटोरियल रॉकेट लॉन्चिंग स्टेशन’ (TERLS) बिल्कुल नया था और जिस रॉकेट को छोड़ा गया, उसका नाम ‘नाइकी-अपाचे’ था। यह दो चरणों वाला ठोस ईंधन से चलने वाला एक साउंडिंग रॉकेट था।

क्या था ‘नाइकी-अपाचे’ रॉकेट?

बता दें कि अमेरिका में एयरोलैब और अटलांटिक रिसर्च द्वारा नासा व अमेरिकी वायुसेना के लिए विकसित किए गए इस रॉकेट को ‘आर्गो बी-13’ के नाम से भी जाना जाता था।

1961 से 1978 के बीच इसे कुल 636 बार लॉन्च किया गया। यह करीब 45 किलोग्राम वैज्ञानिक उपकरणों को पृथ्वी से लगभग 160 किलोमीटर की ऊंचाई तक ले जा सकता था। इसका मुख्य काम ऊपरी वायुमंडल, मौसम विज्ञान, प्लाज्मा फिजिक्स, सौर भौतिकी और रेडियो खगोल विज्ञान का अध्ययन करना था।

आखिर ‘साउंडिंग रॉकेट’ क्या होते हैं?

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि साउंडिंग रॉकेट को रिसर्च रॉकेट या सब-ऑर्बिटल रॉकेट भी कहा जाता है। ये रॉकेट अंतरिक्ष की कक्षा में चक्कर नहीं लगाते, बल्कि एक निश्चित ऊंचाई तक जाकर वैज्ञानिक प्रयोग करते हैं और डेटा जुटाते हैं।

अब समझिए क्यों हैं खास?

मौसम के गुब्बारे अधिकतम 40 किमी की ऊंचाई तक ही जा पाते हैं, जबकि सैटेलाइट 120 किमी से नीचे की कक्षा में टिक नहीं सकते। ऐसे में 50 से 150 किमी के बीच के वायुमंडल की जांच करने के लिए साउंडिंग रॉकेट ही सबसे कारगर जरिया होते हैं।

थुंबा से छोड़े गए इन रॉकेटों ने वायुमंडल की संरचना, हवाओं की गति, तापमान और आयनमंडल की स्थितियों को मापने में अहम भूमिका निभाई। खास बात यह है कि दुनिया में ‘ब्लैक ब्रैंट’ जैसे कुछ आधुनिक साउंडिंग रॉकेट 1,000 से 3,000 किमी की ऊंचाई तक भी जा सकते हैं।

लॉन्चिंग के लिए थुंबा गांव को ही क्यों चुना गया?

थुंबा का चयन इसके बेहद खास भौगोलिक स्थान के कारण किया गया था। यह जगह पृथ्वी की भू-चुंबकीय भूमध्य रेखा के बेहद करीब है, जो ऊपरी वायुमंडल और आयनमंडल के अध्ययन के लिए दुनिया की सबसे बेहतरीन जगहों में से एक मानी जाती है।

इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक डॉ. विक्रम साराभाई, जो अंतरिक्ष विज्ञान को देश के विकास का माध्यम बनाना चाहते थे, ने इसके लिए विशेष पहल की थी। शुरुआती शोध को व्यवस्थित करने के लिए 1962 में ‘इंडियन नेशनल कमेटी फॉर स्पेस रिसर्च’ (INCOSPAR) का गठन किया गया था।

विदेशी रॉकेट से स्वदेशी महाशक्ति बनने तक का सफर

1963 की उस पहली उड़ान ने भारत को वैज्ञानिक और संस्थागत आधार दिया, जिसके बाद भारत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

1967 में पहला स्वदेशी रॉकेट- महज चार साल बाद, 20 नवंबर 1967 को भारत ने अपना पहला पूरी तरह स्वदेशी साउंडिंग रॉकेट ‘RH-75’ लॉन्च किया।

1969 में ISRO की स्थापना- इसके दो साल बाद 1969 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की स्थापना हुई।

रोहिणी सीरीज- इन्हीं शुरुआती प्रयोगों से इसरो ने मौसम और वायुमंडलीय शोध के लिए स्वदेशी रोहिणी रॉकेट सीरीज तैयार की, जो 2 से 200 किलोग्राम तक के पेलोड को 100 से 500 किमी की ऊंचाई तक ले जा सकती है।

कुल मिलाकर बात इतनी है कि आज भी इसरो थुंबा और श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से RH-200, RH-300 Mk-II, RH-560 Mk-II और RH-560 Mk-III जैसे आधुनिक साउंडिंग रॉकेट लॉन्च करता है। यही छोटे रॉकेट आगे चलकर इसरो के भारी और जटिल लॉन्च व्हीकल्स (PSLV, GSLV और LVM3) के अग्रदूत बने, जिन्होंने भारत को चांद और मंगल तक पहुंचाया।