Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश ‘विपक्ष ने आंखें मूंदी’, भारत की 7 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर ट्रंप...

‘विपक्ष ने आंखें मूंदी’, भारत की 7 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर ट्रंप की तारीफ से सियासत तेज, BJP ने राहुल गांधी को घेरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत की 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ की तारीफ की। इसके बाद शनिवार को भारतीय राजनीति में भी इस पर बयानबाजी तेज हो गई।

भाजपा ने इस मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि जहां पूरी दुनिया भारत की तरक्की को मान रही है, वहीं विपक्ष देश की उपलब्धियों से आंखें मूंदे बैठा है।

 ट्रंप ने क्यों किया भारत की 7% ग्रोथ का जिक्र?

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने भारत की आर्थिक रफ्तार का उदाहरण देते हुए अमेरिका के केंद्रीय बैंक ‘फेडरल रिजर्व’ पर ब्याज दरें ऊंची रखने को लेकर हमला बोला। ट्रंप का मानना है कि अगर अमेरिका में कर्ज सस्ता यानी ब्याज दरें कम किया जाए, तो अमेरिकी अर्थव्यवस्था 14 से 15 प्रतिशत या 20 प्रतिशत तक भी बढ़ सकती है।

व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और उनकी 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ है। हमारी अर्थव्यवस्था तो 14, 15 या शायद 20 प्रतिशत तक भी पहुंच सकती थी। यह वाकई दुख की बात है कि जब आप इतना अच्छा करते हैं, तो फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देते हैं।

BJP का राहुल गांधी और कांग्रेस पर तंज

ट्रंप के बयान के बाद भाजपा नेता आशीष सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत की शानदार 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ को मान्यता देना देश की बढ़ती वैश्विक साख और आर्थिक ताकत को दिखाता है। जहां पूरी दुनिया भारत की उल्लेखनीय प्रगति को स्वीकार कर रही है, वहीं राहुल गांधी और कांग्रेस देश की उपलब्धियों को अनदेखा कर रहे हैं।