जेएनएन, जबलपुर। हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मध्य प्रदेश आवास नियंत्रण अधिनियम के तहत किरायेदार की बेदखली के लिए हर मामले में किरायेदारी समाप्त करने का नोटिस देना जरूरी नहीं है। हालांकि, किराया बकाया होने के आधार पर बेदखली मांगे जाने पर दो माह का नोटिस अनिवार्य है।
न्यायमूर्ति प्रणय वर्मा की एकलपीठ ने यह कानूनी स्थिति स्पष्ट करते हुए किरायेदार बाबूलाल सेन की द्वितीय अपील खारिज कर दी और अधीनस्थ अदालतों के बेदखली आदेश को बरकरार रखा।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के निवासी बाबूलाल सेन संबंधित दुकान में किरायेदार थे। मकान मालिक ने दुकान 200 रुपये मासिक किराये पर देने की बात कही। बताया कि यह दुकान उन्होंने पूर्व मालिक देशराज से खरीदी है और मोबाइल, इलेक्ट्रनिक्स व कंप्यूटर का कारोबार शुरू करने के लिए दुकान की जरूरत है।
किरायेदार ने किराया 100 रुपये प्रतिमाह बताया और बकाया किराये एवं दुकान की वास्तविक आवश्यकता के दावों का विरोध किया। सिविल जज द्वितीय श्रेणी बीना ने 29 फरवरी 2012 को मकान मालिकों के पक्ष में बेदखली की डिक्री दी।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश बीना ने भी 23 नवंबर 2017 के निर्णय में इसे बरकरार रखा। द्वितीय अपील में किरायेदार ने वैध नोटिस न दिए जाने और विक्रय पत्र में दुकान के बजाय खुला भूखंड दर्ज होने का तर्क दिया।
हाई कोर्ट ने पाया कि किरायेदार ने लिखित जवाब में मकान मालिकों का स्वामित्व और स्वयं किरायेदार होना स्वीकार किया था। ऐसे में संपत्ति की खरीद और दुकान के अस्तित्व पर सवाल उठाना स्वीकार्य नहीं है। दोनों प्रमुख विधिक प्रश्नों का उत्तर किरायेदार के विरुद्ध देते हुए कोर्ट ने अपील निरस्त कर दी।

















