पीटीआई, राजकोट। गुजरात के राजकोट जिले में रेलवे ट्रैक पार करते समय यात्री ट्रेन की चपेट में आने से दो एशियाई शेरनियों की मौत हो गई।
यह हादसा सोमवार शाम करीब 7:50 बजे जेतपुर तालुका में भावनगर-पोरबंदर ब्राडगेज रेलवे लाइन पर वावड़ी और खिरसरा रेलवे स्टेशनों के बीच हुआ।
रेंज वन अधिकारी (आरएफओ) हीरेन रतनपारा के अनुसार, इस रेलखंड पर इस तरह की यह पहली घटना है।
उन्होंने कहा कि दोनों शेरनियां रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक जानवरों के पटरी पर आ जाने के कारण हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि यह रेलखंड आधिकारिक तौर पर शेरों के गलियारे के रूप में चिह्नित नहीं है, लेकिन यहां वन्यजीवों की आवाजाही रहती है। पास में गिरनार का जंगल है और अमरेली जिले के शेर भी इस क्षेत्र में आते-जाते हैं।
अधिकारी के अनुसार, इलाके में पांच से सात शेरों की स्थायी मौजूदगी है, लेकिन पहले ऐसी घटना सामने नहीं आई थी। हादसे के बाद रेलवे पुलिस और जेतपुर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों शेरनियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। क्षेत्र में वन विभाग के ट्रैकर पहले से तैनात हैं और आसपास कोई अन्य शेर नहीं देखा गया।
















