पीटीआई, नई दिल्ली। सीबीआई ने एक भगोड़े को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान में 99 किसान क्रेडिट कार्ड लोन को कथित तौर पर धोखाधड़ी से मंजूर कराने और बांटने से जुड़े 2.08 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले में 21 साल से अधिक समय से कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बच रहा था।
आरोपित की पहचान कंवर लाल लखोटिया के रूप में हुई है। उसे खुफिया जानकारी के आधार पर गुरुवार को गुजरात के सूरत से पकड़ा गया।
लखोटिया ने अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदल लिया था। वह राजकुमार माहेश्वरी के नाम से रह रहा था। सीबीआई से बचने के लिए फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रहा था।
यह धोखाधड़ी राजस्थान के बीकानेर जिले में स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर की झालू शाखा में 99 किसान क्रेडिट कार्ड लोन को कथित तौर पर फर्जी तरीके से मंजूर करने और बांटने से जुड़ी है।
किसान क्रेडिट कार्ड लोन का मकसद किसानों को खेती और उससे जुड़े कामों के लिए समय पर कर्ज उपलब्ध कराना है। सीबीआई ने लखोटिया को इस मामले में 21 साल से अधिक समय से फरार चल रहा एक भगोड़ा बताया है।
















