Loading...
LIVE
⚡ FLASH NEWS
Home देश गंगासागर मेले की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की भारी...

गंगासागर मेले की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर तैयारी तेज

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कोलकाता के अलीपुर स्थित दक्षिण 24 परगना जिले के जिलाधिकारी कार्यालय में आगामी गंगासागर मेले की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक की।

जनवरी 2027 में सागरद्वीप पर आयोजित होने वाले वार्षिक गंगासागर मेले की व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य था। बैठक में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।

मेले का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक तैयारियों और विभिन्न सरकारी विभागों के बीच समन्वय पर विशेष चर्चा हुई।

बैठक में राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, गृह सचिव संघमित्रा घोष, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धिनाथ गुप्ता समेत राज्य प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मेले के आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

दक्षिण 24 परगना के सागरद्वीप में आयोजित होने वाले गंगासागर मेले में हर साल देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालु गंगा और बंगाल की खाड़ी के संगम पर पुण्य स्नान करते हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और द्वीप तक पहुंचने में आने वाली परिवहन संबंधी चुनौतियों को देखते हुए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

मेले के दौरान परिवहन, नौका सेवाओं, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। बैठक का उद्देश्य मेले से काफी पहले सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करना और श्रद्धालुओं की सागर द्वीप तक आने-जाने की यात्रा को सुरक्षित एवं परेशानी मुक्त बनाना था।